उत्तरकाशी: चिन्यालीसौड़ हवाई अड्डे पर वायुसेना का शक्ति प्रदर्शन, 23 पैरा कमांडो ने की सफल लैंडिंग

ख़बर शेयर करें

उत्तरकाशी। उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में चीन सीमा के नजदीक स्थित चिन्यालीसौड़ हवाई अड्डे पर मंगलवार को भारतीय वायुसेना के 23 पैरा कमांडो ने सफलतापूर्वक लैंडिंग की। वायुसेना के मल्टीपरपज विमान एएन-32 से करीब आठ हजार मीटर की ऊंचाई से जवानों ने पैराशूट के जरिये सीधे रनवे पर उतरकर अपनी सामरिक तैयारियों का प्रदर्शन किया।

चिन्यालीसौड़ हवाई अड्डे पर 12 नवंबर से वायुसेना का ‘नॉर्थ इंडिया हिल्स’ अभ्यास चल रहा है, जो 21 नवंबर तक जारी रहेगा। चीन सीमा के करीब होने के कारण यह हवाई अड्डा सामरिक दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण है, जहां सैन्य अभियानों और आपातकालीन परिस्थितियों में परिचालन तैयारियों को परखा जा रहा है।

यह भी पढ़ें -  चारधाम यात्रा: आज बंद हो जाएंगे बदरीनाथ धाम के कपाट, इस साल सवा 23 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने किए दर्शन

मंगलवार को एएन-32 विमान से पैरा कमांडो की सफल लैंडिंग ने इस अभ्यास को एक महत्वपूर्ण पड़ाव पर पहुंचा दिया है। अभ्यास के तहत वायुसेना की आगरा और बरेली एयरबेस से भी विमानों के संचालन की योजना बनाई गई है।

यह भी पढ़ें -  देहरादून: युवा कौशल महोत्सव-2026 में सीएम धामी ने 35 मेधावियों को किया सम्मानित, सौंपे नियुक्ति पत्र

पैरा कमांडो की लैंडिंग के लिए वायुसेना के अधिकारी बीते कई दिनों से तैयारियों और व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुटे थे। इससे पहले शनिवार को बरेली एयरबेस से वायुसेना के अधिकारी एएलएच हेलिकॉप्टर से चिन्यालीसौड़ हवाई अड्डे पहुंचे थे और परिचालन तैयारियों का जायजा लिया था।

अभ्यास के सफल संचालन के लिए वायुसेना ने स्थानीय जिला प्रशासन से भी सहयोग मांगा था। इसमें अग्निशमन विभाग, एंबुलेंस, आपातकालीन सेवाओं, संबंधित अधिकारियों की उपलब्धता और अधिकारियों व जवानों के ठहरने की व्यवस्था शामिल थी।

यह भी पढ़ें -  छठ महापर्व पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने खटीमा में की पूजा-अर्चना, सूर्यदेव को अर्घ्य देकर मांगी प्रदेश की समृद्धि

उत्तरकाशी के जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने बताया कि सेना और वायुसेना अपनी परिचालन तैयारियों के तहत समय-समय पर इस तरह के नियमित अभ्यास करती रहती हैं। जिला प्रशासन द्वारा इस अभ्यास के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।