47 दिन की अंतरराष्ट्रीय प्रकृति पथ साइकिल यात्रा-2026 का समापन: सीएम धामी ने किया स्वागत, दी बधाई

ख़बर शेयर करें

देहरादून। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून स्थित शासकीय आवास में पद्म भूषण डॉ. अनिल प्रकाश जोशी के नेतृत्व में निकाली गई 47 दिवसीय अंतरराष्ट्रीय प्रकृति पथ साइकिल यात्रा-2026 के समापन समारोह में प्रतिभाग किया। मुख्यमंत्री ने डॉ. जोशी और सभी साइकिल यात्रियों का अभिनंदन करते हुए इस अभियान की सफलता पर बधाई दी।

सीएम धामी ने कहा कि डॉ. अनिल प्रकाश जोशी द्वारा लगातार 47 दिनों तक साइकिल यात्रा करना प्रकृति और पर्यावरण संरक्षण के प्रति उनके समर्पण व दृढ़ इच्छाशक्ति का उदाहरण है। यह यात्रा केवल लंबी दूरी तय करने का अभियान नहीं, बल्कि जल, जंगल, जमीन और प्राकृतिक संसाधनों को बचाने के प्रति समाज को जागरूक करने का सार्थक प्रयास है।

यह भी पढ़ें -  खू़न सना इश्क़, तहेरे भाई ने चचेरे भाई पर धारदार हथियार से किया हमला, हालत नाजुक

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने 28 से 30 नवंबर 2026 तक देहरादून में आयोजित होने वाले ‘विश्व आपदा प्रबंधन सम्मेलन-2026’ के पोस्टर का भी विमोचन किया। यू-कॉस्ट के महानिदेशक प्रो. दुर्गेश पंत ने बताया कि सिलक्यारा सुरंग में फंसे 41 श्रमिकों के सफल और सुरक्षित बचाव अभियान की तीसरी वर्षगांठ के उपलक्ष्य में यह सम्मेलन आयोजित किया जा रहा है।

भारत और नेपाल के संबंधों पर बात करते हुए सीएम धामी ने कहा कि दोनों देशों के बीच सदियों पुराने सांस्कृतिक, धार्मिक और सामाजिक रिश्ते हैं। जनकपुर धाम और अयोध्या का संबंध हमारी साझा विरासत तथा रोटी-बेटी के आत्मीय रिश्तों का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि भारत और नेपाल की भौगोलिक तथा प्राकृतिक परिस्थितियां एक-दूसरे से जुड़ी हुई हैं। ऐसे में हिमालयी क्षेत्र में पर्यावरण संरक्षण और प्राकृतिक आपदाओं से बचाव के लिए दोनों देशों के स्तर पर सामूहिक प्रयास बेहद आवश्यक हैं।

यह भी पढ़ें -  पर्वतों ने ओढ़ा बर्फीला दुशाला, जमीन में बिछा बर्फ का गलीचा,देखो बद्रीनाथ धाम में बर्फबारी का नजारा !

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि विकास और पर्यावरण एक-दूसरे के विरोधी नहीं हैं, बल्कि प्राकृतिक संसाधनों को सुरक्षित रखते हुए विकास योजनाओं को आगे बढ़ाना जरूरी है। उन्होंने ग्रॉस एनवायरनमेंट प्रोडक्ट की अवधारणा को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि इससे पर्यावरण की गुणवत्ता के आकलन के जरिए विकास और प्रकृति के बीच संतुलन बनाया जा सकता है।

यह भी पढ़ें -  बहादराबाद में पुलिस-बदमाश के बीच मुठभेड़, गोली लगने से मेरठ का शातिर बदमाश घायल

सीएम धामी ने कहा कि उत्तराखंड की पहचान यहां की समृद्ध प्राकृतिक संपदा, हिमालय, नदियों, वनों और जैव विविधता से है। राज्य सरकार पर्यावरण संरक्षण को अपनी विकास नीतियों की प्राथमिकता में रखकर निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने दोहराया कि जनभागीदारी के माध्यम से नौले-धारे, चाल-खाल और पारंपरिक जल स्रोतों का संरक्षण करना सरकार का विकल्प रहित संकल्प है। मुख्यमंत्री ने इस अभियान में प्रदेश की महिलाओं और युवाओं की सक्रिय भागीदारी को सबसे महत्वपूर्ण कड़ी बताया।