Chardham Yatra 2026: चारधाम यात्रा में बना नया रिकॉर्ड, 65.55 लाख से ज्यादा श्रद्धालुओं ने किए दर्शन

ख़बर शेयर करें

देहरादून। उत्तराखंड की विश्व प्रसिद्ध चारधाम यात्रा-2026 ने तीर्थयात्रियों की संख्या के मामले में अब तक के सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। बद्रीनाथ धाम के कपाट शीतकाल के लिए बंद होने के साथ ही संपन्न हुई इस यात्रा में कुल 65,55,624 श्रद्धालुओं ने दर्शन किए हैं। चारधाम यात्रा प्रबंधन व नियंत्रण संगठन द्वारा जारी आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, यह राज्य के धार्मिक और आध्यात्मिक पर्यटन के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि है।

संगठन की ओर से जारी धामवार आंकड़ों के मुताबिक, इस वर्ष सबसे अधिक 23,39,772 श्रद्धालु बद्रीनाथ धाम पहुंचे हैं। वहीं, बाबा केदारनाथ के दरबार में 19,33,138 तीर्थयात्रियों ने मत्था टेका है। इसके अलावा गंगोत्री धाम में 10,07,177 और यमुनोत्री धाम में 8,84,841 श्रद्धालुओं ने दर्शन लाभ प्राप्त किया है।

यह भी पढ़ें -  Reel और वीडियो के दौर में CM धामी को सुनने कालाढूंगी में उमड़ी हजारों की भीड़,भाजपा गदगद

चारों प्रमुख धामों के साथ-साथ पवित्र हेमकुंड साहिब की यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं की संख्या भी उत्साहजनक रही है। इस पूरे यात्रा सीजन के दौरान कुल 3,90,696 श्रद्धालुओं ने हेमकुंड साहिब में मत्था टेका। इन पांचों प्रमुख तीर्थस्थलों के कुल आंकड़ों को मिलाकर ही यात्रा का यह ग्राफ 65.55 लाख के पार पहुंचा है।

पिछले चार वर्षों के तुलनात्मक आंकड़ों पर नजर डालें तो चारधाम यात्रा में श्रद्धालुओं का रुझान लगातार बढ़ा है। वर्ष 2022 में करीब 46 लाख और वर्ष 2023 में 56 लाख श्रद्धालु उत्तराखंड पहुंचे थे। इसके बाद वर्ष 2024 में 48 लाख और वर्ष 2025 में करीब 51 लाख तीर्थयात्रियों ने यात्रा की थी, जिन्हें पीछे छोड़ते हुए वर्ष 2026 ने नया कीर्तिमान स्थापित किया है।

यह भी पढ़ें -  अंकिता भंडारी हत्याकांड: 8,084 पन्नों की चैट का परीक्षण खोलेगा कई राज

रिकॉर्ड तोड़ भीड़ के बावजूद यात्रा को सुरक्षित और सुव्यवस्थित रखने के लिए प्रशासन की ओर से व्यापक इंतजाम किए गए थे। यात्रा के मुख्य प्रवेश द्वार ऋषिकेश स्थित ट्रांजिट कैंप ने इस पूरी व्यवस्था में केंद्र बिंदु की तरह काम किया। यहाँ से देश-विदेश से आने वाले तीर्थयात्रियों के पंजीकरण, सत्यापन, मार्गदर्शन और त्वरित सहायता की व्यवस्था संचालित की गई।

यह भी पढ़ें -  खू़न सना इश्क़, तहेरे भाई ने चचेरे भाई पर धारदार हथियार से किया हमला, हालत नाजुक

यात्रा मार्ग पर भीड़ नियंत्रण और बुनियादी सुविधाओं को सुचारू रखने के लिए विभिन्न विभागों के बीच सीधा समन्वय स्थापित किया गया। इस अभियान में प्रशासन, पर्यटन, पुलिस, यातायात पुलिस, परिवहन, स्वास्थ्य, लोक निर्माण, विद्युत, पेयजल, खाद्य आपूर्ति और नगर निकायों ने आपसी तालमेल के साथ अहम योगदान दिया।