टिहरी। उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल जिले में मंगलवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर गूलर बाजार के पास यात्रियों से भरी एक बस अनियंत्रित होकर पुल से करीब 100 मीटर नीचे गदेरे में जा गिरी। इस दर्दनाक दुर्घटना में अब तक आठ यात्रियों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 20 घायलों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है।
जानकारी के अनुसार, विश्वनाथ सेवा की यह बस सुबह 3:30 बजे हरिद्वार से चमोली जिले के कर्णप्रयाग के लिए रवाना हुई थी। हादसे के समय बस में करीब 30 से 35 यात्री सवार थे। गूलर के समीप अचानक बस पुल से नीचे जा गिरी, जिसके बाद मौके पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई।
इस हादसे में सात यात्रियों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं, एक गंभीर घायल यात्री की एम्स ऋषिकेश ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई। दुर्घटना की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ पोस्ट ब्यासी और ढालवाला की टीमें तत्काल घटनास्थल पर पहुंचीं और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।

रेस्क्यू अभियान के शुरुआती अपडेट में एसएसपी श्वेता चौबे ने बताया था कि मौके से चार शव बरामद किए गए हैं और दो अन्य लोग खाई में फंसे हैं। राहत कार्य में तेजी लाने के लिए सेनानायक अर्पण यदुवंशी के निर्देश पर एसडीआरएफ की अतिरिक्त टीमें भी मौके पर भेजी गई हैं। स्थानीय पुलिस और एसडीआरएफ के जवान दुर्गम खाई में लगातार बचाव अभियान चला रहे हैं।
रेस्क्यू टीम ने बस से अब तक 20 घायलों को बाहर निकाल लिया है। इनमें से 19 घायलों की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें तत्काल इलाज के लिए एम्स ऋषिकेश रेफर किया गया है। शेष घायलों को ऋषिकेश के ही अन्य अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।
प्रशासन की ओर से जारी घायलों की सूची में झारखंड के दुमका जिले के चार यात्री शामिल हैं। इनमें छैलापाता निवासी मोहम्मद वहाब अंसारी (22) पुत्र उस्मान अंसारी और ग्राम सीलीबुना थाना रानीचौल निवासी अर्जुन सौरन (34) पुत्र प्रधान सौरन घायल हुए हैं। इनके अलावा ढोडिया निवासी बुधन मुर्मू (50) पुत्र देवान मुर्मू और ग्राम उपर मजियारा निवासी राजकुमार (32) पुत्र काली चरण भी अस्पताल में भर्ती हैं।
दुर्घटना में बिहार, असम और दिल्ली के यात्री भी घायल हुए हैं। बिहार से पटना के ट्रकुल अपार्टमेंट निवासी राहुल कुमार (24) पुत्र उपेंद्र कुमार और जहानाबाद थाना घोषी निवासी संतोष कुमार (38) पुत्र नरेश प्रसाद इस बस में सवार थे। वहीं, असम के गुवाहाटी निवासी नूर जहां (26) पत्नी विशाल, उनकी तीन साल की बेटी आयरा और दिल्ली के शाहदरा डीडीए क्वार्टर निवासी जतिन (21) पुत्र जीतपाल भी घायलों में शामिल हैं।

उत्तराखंड के स्थानीय निवासी भी इस सड़क हादसे की चपेट में आए हैं। ऊधमसिंहनगर जिले के जसपुर मोहल्ला नत्था सिंह निवासी अभिषेक (28) पुत्र राजेंद्र सिंह और खटीमा के बुढ़ाकेशी निवासी प्रत्यूष (23) पुत्र सुभाष घायल हुए हैं। इसके साथ ही रुद्रप्रयाग के धौलतीर निवासी पंकज नेगी (31) पुत्र पूरण नेगी और चमोली के कर्णप्रयाग हैरन निवासी वीरेंद्र सिंह (58) पुत्र मुरली सिंह का भी इलाज चल रहा है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस भीषण दुर्घटना पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने गूलर हादसे के साथ-साथ रुद्रप्रयाग के ऊखीमठ और टिहरी के बांसकाटल में हुई सड़क दुर्घटनाओं में यात्रियों के हताहत होने पर भी शोक व्यक्त किया है।
मुख्यमंत्री ने दिवंगतों की आत्मा की शांति और शोकाकुल परिजनों को धैर्य प्रदान करने की प्रार्थना की है। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि सभी घायलों को बेहतर से बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए और प्रभावित परिवारों को हरसंभव मदद दी जाए।

