‘शुद्ध व स्वच्छ गंगा जल’ होगी आगामी कुंभ मेले की थीम, सीएम धामी बोले- आचमन योग्य निर्मल जल देना हमारा लक्ष्य

ख़बर शेयर करें

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्पष्ट किया है कि प्रदेश सरकार का यह मुख्य प्रयास है कि उत्तराखंड से मां गंगा का निर्मल जल आचमन के लिए आगे जाए. इसी विजन के तहत आगामी कुंभ 2027 की आधिकारिक थीम भी शुद्ध व स्वच्छ गंगा जल तय की गई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि मां गंगा हमारी आस्था, संस्कृति और जीवनदायिनी धरोहर हैं, जिनकी निर्मलता और अविरलता बनाए रखना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

नमामि गंगे परियोजना के अंतर्गत लगातार चलाए जा रहे स्वच्छता अभियानों और बुनियादी कार्यों से गंगा की स्वच्छता को अभूतपूर्व गति मिली है। इन दिनों धर्मनगरी हरिद्वार में गंगा का स्वच्छ और निर्मल जल हर तरफ चर्चा का विषय बना हुआ है। इस सकारात्मक बदलाव के पीछे सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट का निर्माण और नालों की टैपिंग जैसे बड़े कदम शामिल हैं।

यह भी पढ़ें -  देहरादून: युवा कौशल महोत्सव-2026 में सीएम धामी ने 35 मेधावियों को किया सम्मानित, सौंपे नियुक्ति पत्र

नमामि गंगे परियोजना के तहत गंगा और उसकी सहायक नदियों के तटवर्ती शहरों में आधुनिक एसटीपी स्थापित किए गए हैं. साथ ही, छोटी-बड़ी बस्तियों से निकलकर सीधे नदी में मिलने वाले दूषित नालों को भी पूरी तरह से टैप कर दिया गया है। हाल ही में संपन्न हुई गंगा बंदी के दौरान हरिद्वार में एक विशेष और व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया गया था. इस अभियान में विभिन्न सरकारी विभागों के साथ धार्मिक, स्वयंसेवी और व्यापारिक संगठनों ने सक्रिय रूप से अपनी भागीदारी निभाई।

यह भी पढ़ें -  जौलजीबी मेला विवाद पर सीएम धामी का तीखा पलटवार, बोले- हताशा में मानसिक संतुलन खो रही कांग्रेस

इस सामूहिक श्रमदान के दौरान गंगा के घाटों और नदी तटों की गहन सफाई का कार्य किया गया. अभियान के तहत घाटों से प्लास्टिक कचरा, पुरानी पूजा सामग्री और नदी में प्रवाहित किए गए कपड़ों सहित 100 टन से अधिक कचरा एकत्र किया गया।गंगा की स्वच्छता को स्थायी रूप देने के लिए उत्तराखंड पेयजल निगम ने हरिद्वार में मजबूत बुनियादी ढांचा तैयार किया है। निगम ने हरिद्वार क्षेत्र में गंगा में गिरने वाले सभी 22 नालों को सफलतापूर्वक टैप कर उनकी निकासी सीधे एसटीपी से जोड़ दी है।

वर्तमान में हरिद्वार शहर के भीतर कुल 145 एमएलडी क्षमता के पांच सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट पूरी क्षमता के साथ संचालित हो रहे हैं. इन प्लांटों के माध्यम से शहर के गंदे पानी को पूरी तरह शोधित किया जा रहा है। भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए बुनियादी सुविधाओं का दायरा और अधिक बढ़ाया जा रहा है. इसके तहत शिवालिक नगर में एक नया एसटीपी और विभिन्न प्रमुख स्थानों पर आठ नए सीवरेज पंपिंग स्टेशन तेजी से बनाए जा रहे हैं।

यह भी पढ़ें -  उत्तराखंड: सीएम धामी ने प्रदेशवासियों को दी छठ पूजा की शुभकामनाएं, की सुख-समृद्धि की कामना

मुख्यमंत्री धामी ने दोहराया है कि मां गंगा की पवित्रता और निर्मलता को अक्षुण्ण बनाए रखने के लिए इस तरह के प्रभावी प्रयास निरंतर जारी रहेंगे। सरकार के इन ठोस प्रयासों से आगामी कुंभ मेले में आने वाले देश-विदेश के श्रद्धालुओं को एक निर्मल और भव्य स्वरूप देखने को मिलेगा।