देहरादून। जनगणना-2027 के द्वितीय चरण यानी जनसंख्या गणना के अंतर्गत उत्तराखंड राज्य में आज 16 नवंबर 2026 से स्व-गणना की प्रक्रिया का विधिवत शुभारंभ हो गया है। सबसे पहले राज्यपाल डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने स्व-गणना कर इस अभियान की शुरुआत की।
राज्यपाल के पश्चात मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी अपनी स्व-गणना प्रक्रिया पूरी की। इसके अतिरिक्त जनगणना मंत्री मदन कौशिक, कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी और रेखा आर्य ने भी स्व-गणना कर जनगणना अभियान में सहभागिता की। इस अवसर पर जनगणना के प्रति आमजन को जागरूक करने और स्व-गणना प्रक्रिया के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए एलईडी प्रचार वाहनों को रवाना किया गया। जनगणना कार्य निदेशालय उत्तराखंड की निदेशक इवा आशीष श्रीवास्तव ने इन प्रचार वाहनों को हरी झंडी दिखाई।

कार्यक्रम में जनगणना कार्य निदेशालय उत्तराखंड के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे। इनमें संयुक्त निदेशक शैलेन्द्र सिंह नेगी, उप निदेशक परवीन कुमार, उप निदेशक आर.के. बनवारी और सहायक निदेशक संजीव कुमार प्रमुख रूप से उपस्थित थे। निदेशालय के अनुसार, स्व-गणना की सुविधा प्रदेशवासियों के लिए कुल 15 दिनों तक यानी 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक उपलब्ध रहेगी। इस अवधि में नागरिक आधिकारिक पोर्टल https://se.census.gov.in पर जाकर अपने परिवार और आवास से संबंधित जानकारी स्वयं ऑनलाइन दर्ज कर सकते हैं।
यह सुविधा प्रदेशवासियों को अपनी सुविधानुसार घर बैठे स्व-गणना करने का अवसर प्रदान करती है। जिन नागरिकों द्वारा स्व-गणना की प्रक्रिया पूर्ण कर ली जाएगी, उन्हें प्रक्रिया के बाद एक विशिष्ट स्व-गणना आईडी प्राप्त होगी। प्रशासन ने स्व-गणना करने वाले नागरिकों से अपनी SE ID को सुरक्षित रखने की विशेष अपील की है। आगामी 01 दिसंबर 2026 से 04 जनवरी 2027 के मध्य जब प्रगणक घर आएंगे, तो उन्हें यह SE ID उपलब्ध करानी होगी, ताकि ऑनलाइन दर्ज जानकारी का सत्यापन हो सके।
वहीं, जिन परिवारों द्वारा निर्धारित अवधि में स्व-गणना नहीं की गई होगी, उनकी जानकारी प्रगणकों द्वारा घर-घर जाकर निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार दर्ज की जाएगी। जनगणना-2027 देश की एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय प्रक्रिया है। निदेशालय ने समस्त प्रदेशवासियों से अपील की है कि वे निर्धारित 15 दिवसीय अवधि के भीतर स्व-गणना का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और बाद में घर आने वाले प्रगणकों को सही व पूर्ण जानकारी देकर अभियान को सफल बनाएं।

