दून में साइबर ठगों का आतंक, चार अलग-अलग खातों से उड़ाए 6.73 लाख रुपये; 4 थानों में FIR दर्ज

ख़बर शेयर करें

देहरादून। दून शहर में साइबर ठगों ने चार अलग-अलग घटनाओं को अंजाम देकर चार लोगों के बैंक खातों से कुल 6,73,385 रुपये उड़ा लिए हैं। पीड़ितों की शिकायत पर बसंत विहार, राजपुर, पटेलनगर और नेहरू कॉलोनी थाने में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।

इन मामलों में ठगों ने अलग-अलग हथकंडों का इस्तेमाल किया है। किसी के खाते से बिना जानकारी के रकम ट्रांसफर कर ली गई, तो किसी को ऑनलाइन माध्यम से डराकर ठगी का शिकार बनाया गया। एक मामले में ऑनलाइन शॉपिंग प्लेटफॉर्म मीशो से खरीदे गए सामान को वापस करने के लिए गूगल पर कस्टमर केयर का नंबर ढूंढना एक महिला को भारी पड़ गया। नंबर तलाशने के चक्कर में वह ठगों के जाल में फंस गई।

यह भी पढ़ें -  देहरादून: युवा कौशल महोत्सव-2026 में सीएम धामी ने 35 मेधावियों को किया सम्मानित, सौंपे नियुक्ति पत्र

पहली घटना बसंत विहार थाना क्षेत्र के बल्लूपुर रोड निवासी 64 वर्षीय जसपाल सिंह राणा के साथ हुई, जिनके खाते से ठगों ने 1,31,735 रुपये निकाल लिए। पांच नवंबर को उनके इंडियन ओवरसीज बैंक के खाते से अलग-अलग खातों में रकम ट्रांसफर की गई, जिसकी जानकारी मिलने पर उन्होंने थाने में शिकायत दी।

दूसरी घटना राजपुर थाना क्षेत्र के सहस्त्रधारा रोड निवासी चंद्र प्रकाश शर्मा की है, जिनके तीन खातों से कुल 2,73,405 रुपये निकाले गए। पीड़ित के मुताबिक 19 से 27 सितंबर के बीच अज्ञात व्यक्ति ने ऑनलाइन माध्यम से डराकर उन्हें ठगी का शिकार बनाया। 27 सितंबर को बैंक पहुंचने पर उन्हें एचडीएफसी, इंडियन बैंक और केनरा बैंक के खातों से रकम कटने की जानकारी मिली, जिसके बाद उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।

यह भी पढ़ें -  अंकिता भंडारी हत्याकांड: 8,084 पन्नों की चैट का परीक्षण खोलेगा कई राज

तीसरा मामला पटेलनगर के बंजारावाला की रहने वाली सिद्धि सकलानी से जुड़ा है, जो मीशो पर सामान वापस करने के चक्कर में ठगी का शिकार हुईं। 29 अक्टूबर को नंबर तलाशने के बाद एक अज्ञात फोन आया और बातचीत के दौरान उनके फोनपे खाते से दो बार में कुल 99,046 रुपये निकाल लिए गए।

यह भी पढ़ें -  खू़न सना इश्क़, तहेरे भाई ने चचेरे भाई पर धारदार हथियार से किया हमला, हालत नाजुक

चौथी घटना नेहरू कॉलोनी थाना क्षेत्र की है, जहां नवीन चन्द्र कोठारी के आईसीआईसीआई बैंक खाते से आठ और नौ नवंबर को 1,99,199.97 रुपये साफ कर दिए गए। पीड़ित ने न तो कोई ओटीपी साझा किया और न ही लेनदेन की सहमति दी थी।

ठगी का पता चलते ही उन्होंने बैंक को सूचित कर खाता ब्लॉक कराया और साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज की। एसपी सिटी शेखर सुयाल ने बताया कि पुलिस खातों और लेनदेन के डिजिटल साक्ष्य जुटा रही है तथा रकम वापसी के प्रयास जारी हैं।