चुनाव नजदीक आते ही हरक सिंह को याद आने लगे मदद के किस्से, जिनकी मदद की उन्हीं के नाम लेकर सुनाने लगे कहानी!

ख़बर शेयर करें

देहरादून। उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव की आहट जैसे-जैसे तेज होती जा रही है, वैसे-वैसे पूर्व कैबिनेट मंत्री हरक सिंह रावत की सियासी बयानबाजी भी नए रंग दिखाने लगी है। कभी अपने राजनीतिक रसूख और अनुभव का हवाला देकर खुद को प्रदेश का सबसे वरिष्ठ नेता बताने वाले हरक सिंह रावत अब अपने पुराने दिनों में की गई आर्थिक और सामाजिक मदद के किस्से भी सार्वजनिक मंचों से गिनाने लगे हैं। दिलचस्प बात यह है कि जिन लोगों की मदद करने का दावा वह कर रहे हैं, उनके नाम और उनसे जुड़े प्रसंग भी खुलकर सामने रख रहे हैं।

हरक सिंह रावत की राजनीतिक यात्रा लंबी रही है। उत्तर प्रदेश की राजनीति से लेकर उत्तराखंड की सत्ता तक उन्होंने कई अहम पदों पर काम किया। अपने शुरुआती राजनीतिक दौर को याद करते हुए वह अक्सर बताते रहे हैं कि किस तरह उनके पास मदद मांगने के लिए लोग आया करते थे और उन्होंने अपनी हैसियत के मुताबिक उनकी सहायता की। लेकिन अब इन किस्सों को सुनाने का अंदाज ही राजनीतिक चर्चा का विषय बनता जा रहा है।

यह भी पढ़ें -  देहरादून-मसूरी मार्ग पर लगेंगी 1500 एलईडी लाइटें, रात का सफर होगा सुरक्षित

हाल ही में उनके कुछ बयान सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहे हैं। इनमें वह गढ़वाल के कई नेताओं को अपना चेला बताते नजर आते हैं। वहीं पौड़ी की एक महिला से जुड़ा किस्सा सुनाते हुए उन्होंने बताया कि एक महिला अपने बच्चों की स्कूल फीस जमा करने के लिए उनके पास आई थी। उन्होंने महिला को एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी। लेकिन उनके मुताबिक अगले ही दिन वही महिला चश्मा लगाए और स्कूटी पर सवार दिखाई दी। इस प्रसंग को सुनाकर उन्होंने मदद करने के बाद सामने आए अनुभव को साझा किया।

सवाल यह है कि किसी जरूरतमंद की मदद करना निश्चित रूप से अच्छी बात है, लेकिन मदद के बदले उसके जीवन में किए गए खर्चों का सार्वजनिक मंच से इस तरह जिक्र करना कितना उचित है? आखिर आर्थिक सहायता लेने वाले व्यक्ति की परिस्थितियों और उसकी निजी जिंदगी पर टिप्पणी करने का अधिकार किसे होना चाहिए? क्या किसी की मदद करने के बाद उसके खर्चों का हिसाब भी सार्वजनिक किया जाना चाहिए? मामला यहीं नहीं रुकता।

यह भी पढ़ें -  उत्तराखंड में 28 नवंबर को मनाया जाएगा 'आपदा प्रबंधन दिवस', 300 स्थानों पर एक साथ होगी मेगा मॉक ड्रिल

बीते रोज कैबिनेट मंत्री धन सिंह रावत और हरक सिंह रावत एक ही मंच पर मौजूद थे। इस दौरान हरक सिंह ने अपने संबोधन में धन सिंह रावत का भी जिक्र करते हुए कहा कि वह भी कभी उनके पास चंदा लेने आया करते थे। उन्होंने यह भी बताया कि कई बार वह अपने स्टाफ के माध्यम से उन्हें मना करवा देते थे। उनके इस बयान ने भी राजनीतिक गलियारों में नई चर्चा छेड़ दी है।

अब सवाल यह उठता है कि क्या हरक सिंह रावत अपने राजनीतिक जीवन के पुराने संस्मरण सुना रहे हैं या फिर चुनाव से पहले अपनी दरियादिली और पुराने रसूख का हिसाब जनता के सामने रखकर एक अलग राजनीतिक छवि गढ़ने की कोशिश कर रहे हैं?

राजनीति में एक कहावत है कि किसी की मदद इस तरह करनी चाहिए कि एक हाथ से दी गई सहायता की खबर दूसरे हाथ को भी न हो। मदद का असली सम्मान तभी है, जब जरूरतमंद व्यक्ति की गरिमा और आत्मसम्मान भी सुरक्षित रहे। ऐसे में सार्वजनिक मंचों से पुराने एहसानों का जिक्र करना उन लोगों के लिए असहज स्थिति पैदा कर सकता है, जिन्होंने कभी मजबूरी में सहायता ली होगी।

यह भी पढ़ें -  उत्तराखंड में आज फिर बड़ा प्रशासनिक फेरबदल तय! कई जिलों के DM समेत सचिवों के विभाग बदलने की तैयारी...

हरक सिंह रावत के इन बयानों से एक और सवाल खड़ा हो रहा है। जिन नेताओं और आम लोगों की मदद करने के किस्से आज वह सुना रहे हैं, क्या उन लोगों को भी अच्छा लग रहा होगा कि उनके पुराने आर्थिक हालात और निजी परिस्थितियां सार्वजनिक चर्चा का हिस्सा बनें?

बहरहाल, चुनावी मौसम में नेताओं के पुराने किस्से, पुराने रिश्ते और पुराने एहसान फिर से चर्चा में आना कोई नई बात नहीं है। लेकिन हरक सिंह रावत के मामले में चर्चा इस बात की है कि क्या राजनीति में वरिष्ठता और बड़ा कद साबित करने के लिए अब पुराने एहसानों की फेहरिस्त भी सार्वजनिक करनी जरूरी हो गई है? क्योंकि मदद की कीमत अगर सालों बाद सार्वजनिक मंच पर किस्सों के रूप में चुकाई जाने लगे, तो फिर सवाल मदद करने वाले की दरियादिली पर कम और उसके इस अंदाज पर ज्यादा उठेंगे।