उत्तराखंड में 28 नवंबर को मनाया जाएगा ‘आपदा प्रबंधन दिवस’, 300 स्थानों पर एक साथ होगी मेगा मॉक ड्रिल

ख़बर शेयर करें

देहरादून। सिल्क्यारा टनल रेस्क्यू अभियान की ऐतिहासिक सफलता की वर्षगांठ के अवसर पर आगामी 28 नवंबर को ‘आपदा प्रबंधन दिवस’ मनाया जाएगा। इस विशेष अवसर पर उत्तराखंड के सभी 13 जनपदों में व्यापक स्तर पर राज्य स्तरीय मॉक ड्रिल का आयोजन किया जाएगा। राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र में आयोजित ओरिएंटेशन एवं कोऑर्डिनेशन कॉन्फ्रेंस में सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन ने बताया कि राज्य में पहली बार इतने बड़े पैमाने पर एक साथ लगभग 250 से 300 स्थानों पर विभिन्न आपदा एवं आपातकालीन परिस्थितियों का लाइव अभ्यास किया जाएगा।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा प्रत्येक वर्ष 28 नवंबर को आपदा प्रबंधन दिवस के रूप में मनाए जाने के निर्णय के तहत 25 से 28 नवंबर तक पूरे प्रदेश में विशेष अभियान चल रहा है। इस पूरी कवायद का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों, स्थानीय समुदायों और प्रशासनिक तंत्र की आपदा से निपटने की तत्परता और क्षमताओं को परखना है। इसी कड़ी में 25 नवंबर को सभी जिलों में टेबल टॉप एक्सरसाइज आयोजित की जाएगी, जिसमें विभिन्न आपदा परिदृश्यों और आपसी समन्वय का बारीकी से अभ्यास किया जाएगा।

यह भी पढ़ें -  चारधाम यात्रा: आज बंद हो जाएंगे बदरीनाथ धाम के कपाट, इस साल सवा 23 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने किए दर्शन

सचिव विनोद कुमार सुमन ने स्पष्ट किया कि इस मॉक ड्रिल का मकसद केवल राहत कार्यों का दिखावा करना नहीं, बल्कि किसी भी आपदा के वक्त सूचना मिलने से लेकर त्वरित प्रतिक्रिया, संसाधनों की तैनाती, आपातकालीन संचार और घायलों की सुरक्षित निकासी की वास्तविक क्षमता का परीक्षण करना है। इस वृहद अभ्यास में एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, आईटीबीपी, पुलिस, अग्निशमन, स्वास्थ्य, लोक निर्माण और स्थानीय स्वयंसेवी संस्थाएं पूरी ताकत के साथ भाग लेंगी।

यह भी पढ़ें -  जौलजीबी मेला हंगामा मामला: कांग्रेस विधायक हरीश धामी समेत 6 पर पुलिस ने दर्ज की FIR

अभ्यास के दौरान बनाए जाने वाले राहत शिविरों में बिजली, पानी, भोजन, प्राथमिक चिकित्सा और शिशु आहार की व्यवस्थाओं का रियल टाइम टेस्ट होगा। महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा के लिए विशेष रूप से पुलिस व होमगार्ड के जवानों की तैनाती की जाएगी। इसके अलावा, समुदाय आधारित आपदा प्रबंधन को मजबूत करने के लिए गांवों और शहरी वार्डों में जागरूकता रैलियां, नुक्कड़ नाटक और स्थानीय युवाओं को बेसिक सर्च व रेस्क्यू का प्रशिक्षण दिया जाएगा।

सुरक्षा के मोर्चे पर एहतियात बरतते हुए राज्य के सभी सरकारी कार्यालयों में भी जोखिम आकलन के निर्देश दिए गए हैं। प्रत्येक कार्यालय में विभागाध्यक्ष की अगुवाई में 3 से 5 सदस्यों की समिति बनेगी, जो आग, शॉर्ट सर्किट, भूकंप या भूस्खलन जैसे खतरों का आकलन कर बचाव के उपाय तय करेगी और अग्निशमन उपकरणों की कार्यशीलता की जांच करेगी।

यह भी पढ़ें -  उत्तराखंड का निर्यात 13 हजार करोड़ के पार, सीएम धामी बोले-'दुनिया हमारा बाजार और गुणवत्ता हमारी पहचान'

शिक्षा विभाग को मिले निर्देशों के तहत 25 से 27 नवंबर के बीच 100 से अधिक छात्रों वाले विद्यालयों में एक दिवसीय मॉक ड्रिल कराई जाएगी। वहीं, 28 नवंबर को स्कूलों में आपदा प्रबंधन पर वाद-विवाद, निबंध और चित्रकला जैसी प्रतियोगिताएं होंगी ताकि आने वाली पीढ़ी को भी सुरक्षा के प्रति जागरूक किया जा सके।