उत्तराखंड राजनीति: “नेतृत्व चाहेगा तो जरुर लडूंगा चुनाव”…हरीश रावत ने इस सीट से जताई चुनाव लड़ने की इच्छा

ख़बर शेयर करें

देहरादून। उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हरीश रावत ने देहरादून में आगामी चुनाव को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि प्रदेश कांग्रेस नेतृत्व चाहेगा तो वह चुनाव लड़ेंगे, और इसके लिए उन्होंने हरिद्वार जिले की खानपुर, लक्सर या इसके आसपास की किसी सीट से मैदान में उतरने की इच्छा जाहिर की है।

हरीश रावत ने अपने चुनावी भविष्य और पार्टी की आगामी रणनीति पर स्थिति स्पष्ट करते हुए बताया कि हाल ही में दिल्ली में कांग्रेस नेता राहुल गांधी और राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे से उनकी मुलाकात हुई है, हालांकि इस बैठक में उनके चुनाव लड़ने को लेकर कोई चर्चा नहीं हुई। पूर्व मुख्यमंत्री के अनुसार, दिल्ली में दोनों शीर्ष नेताओं के साथ हुई उनकी मुलाकात बेहद सकारात्मक रही है। इस दौरान उत्तराखंड की वर्तमान राजनीतिक स्थिति और आगामी चुनावी रणनीति पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।

यह भी पढ़ें -  उत्तराखंड का निर्यात 13 हजार करोड़ के पार, सीएम धामी बोले-'दुनिया हमारा बाजार और गुणवत्ता हमारी पहचान'

हरीश रावत ने जानकारी दी कि उन्होंने राष्ट्रीय नेतृत्व के सामने उत्तराखंड में कांग्रेस को दोबारा सत्ता में लाने का एक रोडमैप भी रखा है। इस रोडमैप में राज्य में कांग्रेस की सरकार बनाने के लिए कम से कम 45 विधानसभा सीटें जीतने की रणनीति पर जोर दिया गया है। दिल्ली से लौटने के बाद चुनाव लड़ने के सवाल पर हरदा ने कहा कि वह अपनी मंशा पहले ही जाहिर कर चुके हैं कि उन्हें किसी पद की कोई महत्वाकांक्षा नहीं है। उन्होंने साफ किया कि हरीश रावत चुनाव लड़ेंगे या नहीं, यह अंतिम फैसला प्रदेश कांग्रेस को ही तय करना है।

यह भी पढ़ें -  उत्तराखंड में आज फिर बड़ा प्रशासनिक फेरबदल तय! कई जिलों के DM समेत सचिवों के विभाग बदलने की तैयारी...

अपनी चुनावी पसंद के पीछे का कारण बताते हुए उन्होंने कहा कि हरिद्वार की खानपुर और लक्सर विधानसभा सीट की जनता चाहती है कि वह एक बार उनका प्रतिनिधित्व करें। स्थानीय जनता की इसी मांग को देखते हुए उन्होंने इन सीटों या आसपास के क्षेत्र से चुनाव लड़ने की अपनी इच्छा व्यक्त की है। पार्टी अनुशासन पर जोर देते हुए रावत ने कहा कि इस विषय पर अब कांग्रेस पार्टी को ही अंतिम निर्णय लेना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि पार्टी नहीं चाहती कि वह चुनाव लड़ें, तब भी वह उत्तराखंड में कांग्रेस को सत्ता में वापस लाने के लिए पूरी ताकत और जी-जान से मेहनत करेंगे।

यह भी पढ़ें -  केंद्र की ओर से दून और हरिद्वार में को मिलीं 137 स्मार्ट इलेक्ट्रिक बसें, इसी महीने शुरु होगा ट्रायल

आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों का संकेत देते हुए वरिष्ठ नेता ने बताया कि वह जल्द ही एक बार फिर दिल्ली जाकर पार्टी के राष्ट्रीय नेताओं से दोबारा मुलाकात करेंगे। प्रदेश संगठन को चुनावी मंत्र देते हुए हरीश रावत ने कहा कि उत्तराखंड में आगामी चुनाव के लिए पार्टी को स्थानीय मुद्दों पर आक्रामक रुख अपनाना होगा। उन्होंने जोर दिया कि कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं को सक्रिय रूप से काम करते हुए सीधे जनता के बीच जाने की जरूरत है।