सीएम धामी ने यूपी-उत्तराखंड के लिए मांगी बड़ी सौगात, गंगा एक्सप्रेस-वे को हरिद्वार तक बढ़ाने का किया अनुरोध

ख़बर शेयर करें

देहरादून। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से गंगा एक्सप्रेस-वे को हरिद्वार तक जोड़ने का अनुरोध किया है। पंडित गोविंद बल्लभ पंत सांस्कृतिक उपवन में आयोजित ‘उत्तराखंड महोत्सव 2026’ को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि इस विस्तार से दोनों राज्यों के बीच आवागमन, व्यापार और पर्यटन को बड़ा लाभ मिलेगा।

उत्तराखंड महापरिषद द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में सीएम धामी ने उत्तर प्रदेश में निवास कर रहे प्रवासी उत्तराखंडियों से अपनी संस्कृति, परंपराओं और लोकभाषा से जुड़े रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भौगोलिक रूप से कहीं भी रहने के बावजूद अपनी मातृभूमि और बोली-भाषा से जुड़ाव ही भावी पीढ़ियों को उनकी असली विरासत से परिचित कराता है।

यह भी पढ़ें -  देहरादून में आदि गौरव महोत्सव की धूम: उत्तराखंड के 128 जनजातीय गांवों की बदलेगी तस्वीर, सीएम धामी ने किया बड़ा ऐलान

प्रवासियों को राज्य की अमूल्य धरोहर बताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार उनके अनुभव, कौशल और निवेश का लाभ प्रदेश के विकास में ले रही है। इसी उद्देश्य से पिछले तीन वर्षों से लगातार प्रवासी उत्तराखंडी सम्मेलन आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने प्रवासियों से अपने पैतृक गांवों, स्थानीय उत्पादों और पर्यटन स्थलों के विकास में योगदान देने की अपील की।

उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के संबंधों पर बोलते हुए धामी ने यूपी को ‘सहोदर भाई’ बताया और कहा कि दोनों राज्यों की प्रगति एक-दूसरे से जुड़ी है। उन्होंने योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में यूपी की कानून-व्यवस्था, एक्सप्रेस-वे नेटवर्क और पर्यटन क्षेत्र में हुए करीब 38 हजार करोड़ रुपये के निवेश की सराहना की। उनके अनुसार, दोनों राज्य मिलकर धार्मिक यात्रा, उद्योग और सांस्कृतिक आदान-प्रदान की नई संभावनाएं तैयार कर सकते हैं।

यह भी पढ़ें -  हरिद्वार में 11 महीने की बच्ची से दुष्कर्म; गंभीर हालत में हायर सेंटर रेफर

उत्तराखंड की विकास परियोजनाओं का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में केदारनाथ धाम का पुनर्निर्माण और बदरीनाथ धाम में मास्टर प्लान के तहत कार्य तेजी से जारी है। इसके अलावा दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर, ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना और नई रोपवे परियोजनाएं राज्य की कनेक्टिविटी को मजबूत कर रही हैं।

धार्मिक पर्यटन के आंकड़े साझा करते हुए सीएम धामी ने बताया कि इस वर्ष चारधाम यात्रा में 65 लाख से अधिक और हेमकुंड साहिब में करीब 3.90 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने दर्शन किए हैं। आदि कैलाश यात्रा में भी श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ी है। उन्होंने कहा कि सरकार अब शीतकालीन यात्रा को भी बढ़ावा दे रही है, ताकि स्थानीय युवाओं, होमस्टे संचालकों और छोटे व्यापारियों को साल भर रोजगार मिल सके।

यह भी पढ़ें -  रुद्रप्रयाग: विधि-विधान से जयकारों के बीच शीतकाल के लिए बंद हुए द्वितीय केदार मद्महेश्वर के कपाट, रवाना हुई उत्सव डोली

मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि सरकार बाबा नीम करौली महाराज से जुड़े धार्मिक स्थलों को जोड़कर एक आध्यात्मिक पर्यटन सर्किट विकसित कर रही है और कैंची धाम में सुविधाएं बढ़ाई जा रही हैं। नई पर्यटन नीति के जरिए इको, एडवेंचर, वेलनेस और ग्रामीण पर्यटन को प्रोत्साहित किया जा रहा है, ताकि इसका लाभ दूरस्थ पर्वतीय गांवों तक पहुंचे। इस कार्यक्रम में उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, यूपी के पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह सहित कई जनप्रतिनिधि और प्रवासी उत्तराखंडी उपस्थित रहे।