नई दिल्ली। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को नई दिल्ली में भारत अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेला-2026 के उत्तराखण्ड दिवस समारोह में भाग लिया और उत्तराखण्ड पवेलियन का शुभारंभ किया। इस आयोजन से प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आए स्थानीय उत्पादों, हस्तशिल्प, पारंपरिक कला और कारीगरों को बड़ा मंच मिला है, जबकि मुख्यमंत्री ने प्रदर्शनी का अवलोकन कर उत्पादों की सराहना की।
मुख्यमंत्री ने पवेलियन के विभिन्न स्टॉलों का भ्रमण कर वहां प्रदर्शित उत्पादों की जानकारी ली। उन्होंने स्थानीय कारीगरों, शिल्पकारों, स्वयं सहायता समूहों, उद्यमियों और उत्पादकों के प्रयासों को सराहते हुए कहा कि उत्तराखण्ड की सांस्कृतिक विरासत, पारंपरिक शिल्पकला और स्थानीय संसाधनों में आर्थिक विकास की अपार संभावनाएं हैं।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य के पारंपरिक उत्पाद सांस्कृतिक पहचान के प्रतीक होने के साथ-साथ स्थानीय स्तर पर स्वरोजगार और आजीविका का अहम माध्यम भी हैं। उनके अनुसार, भारत अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेला जैसे आयोजन उत्तराखण्ड के उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने का प्रभावी मंच देते हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसे आयोजनों से कारीगरों, हस्तशिल्पियों और उद्यमियों को उत्पादों के प्रदर्शन, विपणन और नए बाजारों से जुड़ने के अवसर मिलते हैं। इससे स्थानीय उत्पादों की मांग बढ़ने के साथ प्रदेश की अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलती है।
सीएम धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में देश में स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहन, पारंपरिक कौशल के संरक्षण और स्थानीय अर्थव्यवस्था को सशक्त करने पर निरंतर काम हो रहा है। ‘वोकल फॉर लोकल’ और ‘लोकल टू ग्लोबल’ की भावना के अनुरूप उत्तराखण्ड सरकार भी स्थानीय उद्यमों और हस्तशिल्प को नई पहचान दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है।

उन्होंने बताया कि राज्य सरकार का प्रयास है कि उत्तराखण्ड के पारंपरिक उत्पादों को आधुनिक तकनीक, बेहतर पैकेजिंग, गुणवत्ता संवर्धन और प्रभावी विपणन के जरिए व्यापक बाजार उपलब्ध कराया जाए। इससे स्थानीय उत्पादकों की आय बढ़ेगी और युवाओं व महिलाओं के लिए स्वरोजगार के नए अवसर बनेंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इन उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय बाजारों तक पहुंचाना राज्य सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने विश्वास जताया कि ऐसे आयोजन प्रदेश के उत्पादों को नई पहचान देने के साथ उत्तराखण्ड को आर्थिक और व्यावसायिक रूप से और सशक्त बनाएंगे।

पवेलियन में प्रतिभाग कर रहे कारीगरों, उद्यमियों और उत्पादकों की मेहनत व रचनात्मकता की सराहना करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इससे उत्तराखण्ड की सांस्कृतिक पहचान को नई ऊंचाइयां मिल रही हैं। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, विधायक भरत सिंह चौधरी और सचिव विनय शंकर पांडेय सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति व अधिकारी उपस्थित रहे।

