देहरादून। भाजपा ने आगामी विधानसभा चुनाव के लिए सरकार और संगठन दोनों स्तरों पर एक साथ दोहरी आक्रामक रणनीति तैयार की है। सामने आई जानकारी के अनुसार इस चुनावी अभियान में एक तरफ कामकाज का लेखा-जोखा रखा जाएगा और दूसरी तरफ संगठनात्मक रणनीति पर काम होगा। पार्टी की इस योजना से चुनावी तैयारियों, टिकट चयन की प्रक्रिया और प्रदेश की राजनीतिक गतिविधियों को नई दिशा मिलने की बात कही जा रही है।
रणनीति के पहले हिस्से के तहत राज्य सरकार अपने कार्यकाल की प्रमुख उपलब्धियों को विस्तृत रिपोर्ट कार्ड के रूप में जनता के सामने पेश करने की तैयारी कर रही है। इसमें बुनियादी ढांचे, जनकल्याणकारी योजनाओं और प्रशासनिक सुधारों से जुड़े कार्यों को मतदाताओं तक पहुंचाया जाएगा। इसके साथ ही भाजपा संगठन ने भी अलग से इस रिपोर्ट कार्ड को लॉन्च करने की योजना बनाई है ताकि कार्यकर्ताओं के माध्यम से यह जनता तक पहुंच सके।
टिकट वितरण को लेकर पार्टी ने सख्त और व्यावहारिक रुख अपनाने की योजना बनाई है। जनता की रायशुमारी और वरिष्ठ नेताओं के सुझावों समेत कई पैमानों पर परखने के बाद तीन प्रत्याशियों का पैनल चुना जाएगा। इसी आधार पर यह तय होगा कि मौजूदा विधायकों में कितने टिकट कटेंगे और किन सीटों पर नए व युवा चेहरों को मौका दिया जाएगा।
चुनावी विमर्श में राज्य में चल रही केंद्र की बड़ी और महत्वाकांक्षी परियोजनाओं को भी लाने की तैयारी है। इसका उद्देश्य डबल इंजन की सरकार के विकास कार्यों को प्रमुखता से सामने रखना है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने देहरादून में कहा कि आगामी चुनाव के लिए प्रत्याशियों के चयन में कार्यकर्ताओं की भावना को अधिक महत्व दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि जन रायशुमारी, कार्यकर्ताओं की राय और कोर कमेटी के विश्लेषण, इन तीनों आधारों को परखा जाएगा।
पार्टी मुख्यालय में महेंद्र भट्ट ने कहा कि कोर कमेटी के सदस्यों को पांच-पांच विधानसभा क्षेत्र दिए गए थे। इन क्षेत्रों के दौरों में वहां के सामाजिक समीकरण, राजनीतिक परिदृश्य और मुद्दों पर चर्चा हुई, जिसकी पूरी रिपोर्ट कोर कमेटी की बैठक में रखी जाएगी। भट्ट ने बताया कि तीन लोगों की टोली रायशुमारी के लिए भेजी जाएगी, जो मंडल तक के पदाधिकारियों से बंद बॉक्स में पर्ची के जरिए तीन नाम लेगी। इससे राजनीतिक समीकरण समझने में मदद मिलेगी और जनता का फीडबैक भी एक आधार बनेगा, जिसके बाद तीनों आधारों पर पैनल बनाकर केंद्र को भेजा जाएगा।
धारचूला विधायक हरीश धामी के बयानों पर प्रतिक्रिया देते हुए महेंद्र भट्ट ने कहा कि इस घटना ने कांग्रेस के भीतर की संस्कृति को सामने ला दिया है। उन्होंने कहा कि जो व्यक्ति खुद को गुंडा बता रहा हो और नर बलि देने तक की बात कर रहा हो, उससे कांग्रेस की स्थिति समझी जा सकती है। महेंद्र भट्ट ने सवाल उठाया कि कांग्रेस किस प्रकार के लोगों को टिकट देकर विधायक बनाती है। वहीं, भुली योजना पर कांग्रेस की आपत्तियों को लेकर उन्होंने कहा कि कांग्रेस को कोई भी अच्छा और सकारात्मक कार्य स्वीकार नहीं है और उसकी विश्वसनीयता पूरी तरह शून्य है।

