देहरादून। देहरादून के जामुनवाला में जंगल के पास कूड़े के ढेर में बुधवार को एक युवती का शव मिलने के बाद पुलिस ने जांच तेज कर दी है। धारदार हथियार से गला रेतकर युवती की हत्या की गई है और पहचान छिपाने के लिए चेहरे पर भी कई वार किए गए हैं, जिससे शिनाख्त पुलिस के लिए चुनौती बनी हुई है। एसपी सिटी शेखर सुयाल ने बताया कि घटनास्थल पर खून के निशान नहीं मिले हैं, जिससे कहीं और हत्या कर शव यहां ठिकाने लगाने की आशंका है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पड़ताल शुरू कर दी है। मृतक युवती की उम्र करीब 25 साल प्रतीत हो रही है। शव को छिपाने के लिए उसके ऊपर सीमेंट के कट्टे और पॉलिथीन के थैले रख दिए गए थे। जांच में युवती के गले और चेहरे पर धारदार हथियार से वार के निशान मिले हैं। चेहरे पर कई वार होने के कारण सीधी पहचान मुश्किल हो गई है। ऐसे में पुलिस अब मृतका के हाथ पर बने टैटू को उसकी शिनाख्त और जांच का मुख्य आधार बना रही है।
घटनास्थल पर खून नहीं मिलने से पुलिस को आशंका है कि युवती की हत्या किसी अन्य स्थान पर की गई। इसके बाद शव को जामुनवाला के जंगल में लाकर कूड़े के ढेर के पास फेंक दिया गया। जिस जगह शव मिला है, वहां आमतौर पर कूड़ा फेंका जाता है। इसे देखते हुए पुलिस इस आशंका की भी जांच कर रही है कि हत्यारा इलाके और इस स्थान से परिचित था। साथ ही वारदात में एक या एक से अधिक लोगों के शामिल होने के पहलू पर भी जांच की जा रही है।
मौके पर पहुंची फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटा लिए हैं। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर भी युवती की पहचान करने की कोशिश कर रही है। मृतका की शिनाख्त के लिए देहरादून जिले के सभी थानों के साथ-साथ आसपास के जिलों में दर्ज गुमशुदगी के मामलों की जानकारी जुटाई जा रही है। हाथ पर गुदे टैटू के आधार पर गुमशुदगी के रिकॉर्ड से मिलान किया जा रहा है।
एसपी सिटी शेखर सुयाल के अनुसार, पुलिस सबसे पहले यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि युवती कौन थी। घटनास्थल और जंगल की ओर आने-जाने वाले रास्तों तथा संभावित साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है। पूरे क्षेत्र और जंगल तक जाने वाले मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि युवती की पहचान होने के बाद ही हत्या की गुत्थी सुलझाने में मदद मिल सकती है, और फिलहाल पुलिस की कई टीमें विभिन्न पहलुओं पर जांच में जुट गई हैं।

