देहरादून। उत्तराखंड के टिहरी जिला स्थित गुलर बाजार के समीप हुई दर्दनाक सड़क दुर्घटना पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा ने गहरा दुःख व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री धामी और परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा ने दुर्घटना में जान गंवाने वाले मृतकों के प्रति गहरी संवेदना प्रकट करते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की ईश्वर से कामना की है। इस दुखद घटना के बाद शासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पीड़ित परिवारों के लिए मुआवजे और राहत राशि का ऐलान कर दिया है।
संवेदनशीलता दिखाते हुए परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा ने जिलाधिकारी टिहरी और सम्भागीय परिवहन अधिकारी देहरादून को तत्काल सख्त निर्देश दिए हैं। इसके तहत दुर्घटना में जान गंवाने वाले मृतकों के आश्रितों को शासन के तय प्रावधानों के अनुसार परिवहन विभाग के कोष से 2-2 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। वहीं, गंभीर रूप से घायल लोगों को 1-1 लाख रुपये और अन्य सभी घायलों को भी नियमानुसार आर्थिक मदद तुरंत उपलब्ध कराने के आदेश दिए गए हैं।
मंत्री ने स्पष्ट शब्दों में अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि घायल किसी भी व्यक्ति के उपचार में कोताही न बरती जाए और उनका बेहतरीन इलाज सुनिश्चित हो। प्रधानमंत्री राहत योजना के दायरे में आने वाले पात्र घायलों को सभी जरूरी चिकित्सीय सुविधाएं तुरंत मुहैया कराई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि इस मुश्किल घड़ी में सरकार पूरी ताकत के साथ पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है और राहत कार्यों में किसी भी तरह की सुस्ती बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
घटना के तुरंत बाद परिवहन विभाग की तकनीकी टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच का काम शुरू कर दिया है। इसके साथ ही, आरटीओ देहरादून और एआरटीओ ऋषिकेश की टीमें एम्स ऋषिकेश पहुंची हैं, जहां वे घायलों का उपचार प्रधानमंत्री राहत योजना के तहत सुनिश्चित करवा रही हैं।
इस बीच, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने परिवहन विभाग की सहायता के अलावा ‘मुख्यमंत्री राहत कोष’ से भी पीड़ित परिवारों को अतिरिक्त आर्थिक मदद देने के आदेश जारी किए हैं। इस पूरे हादसे के असली कारणों का पता लगाने के लिए मजिस्ट्रियल जांच और तकनीकी जांच के आदेश दे दिए गए हैं, और जांच अधिकारियों को जल्द से जल्द अपनी रिपोर्ट सौंपने को कहा गया है।

