हरिद्वार- उत्तराखंड में तीसरी बार भाजपा सरकार के लिए प्रतिबद्ध भाजपा संगठन पूरी तरह से चुनावी मोड में हैं। हालांकि भाजपा संगठन कभी भी चुप नहीं बैठता उसके कार्यक्रम दरिया की तरह बहते रहते हैं ताकि संगठन जनता की सियासी नब्ज को टटोलता रहे और जनता के दिलो दिमाग पर पार्टी का नाम और निशान चुनाव तक ही नहीं बल्कि चुनाव के बाद भी अंकित रहे।
उत्तराखंड में 2027 के आगाज के साथ ही नई सरकार चुनने की कवायद शुरू हो जाएगी। लिहाजा उत्तराखंड मे भाजपा प्रदेश संगठन हर मोर्चे पर सक्रिय दिख रहा है। इसी कड़ी के तहत हरिद्वार के प्रेमनगर आश्रम में भाजपा की विस्तारित प्रदेश कार्यसमिति की दो दिवसीय बैठक जारी है। 21 नवंबर से शुरू हुई कार्यसमिति की बैठक के दूसरे और आखिरी दिन जहां प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शामिल हुए वहीं केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भी बैठक के अंतिम दिन पहुंचे।
माना जा रहा है कि चुनावी मोड में जाते उत्तराखंड मे तीसरी बार भाजपा सरकार बनाने के लिए राजनाथ सिंह भाजपा प्रदेश संगठन को कुछ नए टिप्स देंगे ताकि चुनाव की जंग फतह करने के लिए आगामी रणनीति और धारदार हो सके। बहरहाल रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का पार्टी कार्यकर्ताओ ने कार्यसमिति की बैठक में गर्मजोशी से जिंदाबाद के नारों के साथ जोरदार स्वागत किया।

