उत्तराखंड में चुनावी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। सियासी कार्यक्रमों के साथ-साथ सियासी दल मेरी कमीज ज्यादा सफेद दिखाने की खातिर एक दूसरे पर आरोप भी लगा रहे हैं। कांग्रेस के तमाम बड़े नेता सूबे की सरकार पर भ्रष्टाचार के आरोप लगा रहे हैं हालांकि भाजपा कांग्रेस के आरोपो को सिरे से खारिज कर रही है।
सूबे की धामी सरकार के कैबिनेट मंत्री भारत चौधरी ने भ्रष्टाचार के मसले पर कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते कांग्रेस को कटघरे में कड़ा कर दिया है। चौधरी ने कहा जनता अभी ये नहीं भूली है कि कांग्रेस के जमाने में किस तरह से भ्रष्टाचार हुआ करते थे। चौधरी ने मीडिया का हवाला देते हुए कहा. आए दिन अखबारों की सुर्खियां होती थीं – आज कोयला घोटाला हो गया, आज 2G स्पेक्ट्रम घोटाला हो गया, आज कॉमनवेल्थ घोटाला हो गया, आज दरोगा भर्ती घोटाला हो गया, आज पटवारी भर्ती घोटाला हो गया।
कैबिनेट मंत्री भरत चौधरी ने कहा कि, भ्रष्टाचार की बात उन लोगों के मुंह से शोभा देती है, जो खुद भ्रष्ट न हों। कांग्रेस को पहले अपने गिरेबान में झांकना चाहिए फिर दूसरे पर उंगली उठनी चाहिए। चौधरी ने कहा आरोप लगाने से कुछ नहीं होता, आरोप टिकने भी चाहिए।
चौधरी ने भाजपा की केंद्र और राज्य सरकार की भाजपा सरकार का हवाला देते हुए कहा,उत्तराखंड सरकार के दस साल के कार्यकाल और केंद्र सरकार के बारह साल के कार्यकाल में भ्रष्टाचार का कोई मुद्दा सामने नहीं आया है। छुटभैया छुटपुट आरोप लगाते रहते हैं, बावजूद इसके आज तक कांग्रेस कोई भी आरोप सिद्ध नहीं कर पाई है।

