डोईवाला/ देहरादून– देहरादून की डोईवाला चीनी मिल में नए पेराई सत्र का विधिवत आगाज हो गया है। इस बार मिल प्रबंधन ने 25 लाख कुंतल गन्ने की पेराई का लक्ष्य निर्धारित किया है। हरिद्वार सांसद और सूबे के पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने क्रेन कैरियर में गन्ना डालकर पेराई सत्र का शुभारंभ किया।
इस मौके पर सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि चीनी मिल क्षेत्र की अर्थव्यवस्था और हजारों किसानों की आजीविका से जुड़ा महत्वपूर्ण संस्थान है। मिल को आधुनिक सुविधाओं से लैस करने के लिए हर स्तर पर प्रयास किए जाएंगे। किसानों और कर्मचारियों की समस्याओं का प्राथमिकता से समाधान किया जाएगा।
इस दौरान जनप्रतिनिधियों, किसानों और मिल अधिकारियों की मौजूदगी में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजा-अर्चना भी की गई। वहीं, कार्यक्रम के दौरान किसानों की समस्याओं के समाधान और चीनी मिल के आधुनिकीकरण का मुद्दा भी प्रमुखता से उठा।
डोईवाला चीनी मिल का नया पेराई सत्र शुरू होने के साथ ही क्षेत्र के गन्ना किसानों की उम्मीदें भी बढ़ गई हैं। इस सत्र में 59 क्रय केंद्रों के माध्यम से गन्ने की खरीद की जाएगी।
कार्यक्रम मे ऋषिकेश विधायक प्रेमचंद अग्रवाल भी मौजूद रहे। अग्रवाल ने चीनी मिल को क्षेत्र की पहचान और शान बताया। अग्रवाल ने कहा डोईवाला चीनी मिल के विकास को सामूहिक प्रयास की दरकार है। वहीं चीनी मिल की अधिशासी निदेशक अपर्णा ढौंढियाल ने किसानों को भरोसा दिलाया कि गन्ने के तौल व्यवस्था को सुचारु रखने के लिए सभी जरूरी इंतजाम पुख्ता किए गए हैं।

