उत्तराखंड के पशुपालकों को बड़ी राहत: अब 48 रुपये की दर से होगी खरीदारी

ख़बर शेयर करें

देहरादून। उत्तराखंड में दुग्ध संघ ने पशुपालकों को बड़ी राहत देते हुए दूध के खरीद मूल्य में दो रुपये प्रति किलो की बढ़ोतरी की है, जिसके बाद अब पशुपालकों से 46 रुपये की जगह 48 रुपये प्रति किलो की दर से दूध खरीदा जाएगा। दुग्ध संघ चंपावत की अध्यक्ष पार्वती देवी और प्रबंधक हरीश सिंह बोहरा ने बताया कि नई दरें देहरादून, ऊधम सिंह नगर और चंपावत जिले में लागू होंगी, जिससे चंपावत जिले की 278 दुग्ध समितियों से जुड़े पांच हजार से अधिक दुग्ध उत्पादकों को सीधा लाभ मिलेगा।

दूध के खरीद मूल्य में की गई इस वृद्धि से पशुपालकों की आय में सीधा इजाफा होगा। पशुपालकों द्वारा लंबे समय से दूध का खरीद मूल्य बढ़ाने की मांग की जा रही थी, जिसे देखते हुए दुग्ध संघ ने यह निर्णय लिया है। दुग्ध संघ प्रबंधक हरीश सिंह बोहरा ने बताया कि पशुपालकों की लंबे समय से चली आ रही मांग को ध्यान में रखते हुए दूध खरीद मूल्य में दो रुपये प्रति किलो की बढ़ोतरी की गई है। उन्होंने दावा किया कि 48 रुपये प्रति किलो की यह दर पूरे प्रदेश में दूध खरीद की सबसे अधिक दर है, जिससे पशुपालकों को आर्थिक मजबूती मिलेगी।

यह भी पढ़ें -  उत्तराखंड: गंगोत्री हाईवे पर वे-साइड ईटरी का उद्घाटन, मुख्य सचिव ने की महिलाओं से संवाद

खरीद मूल्य बढ़ाने के साथ ही दुग्ध संघ ने पशुपालकों को अन्य आर्थिक रियायतें भी दी हैं। प्रबंधक हरीश सिंह बोहरा के अनुसार, प्रोत्साहन राशि, पशु आहार और साइलेज पर मिलने वाले अनुदान को बढ़ाकर 75 फीसदी कर दिया गया है। इसके साथ ही ग्रामीण स्तर पर दुग्ध संकलन में जुटे समितियों के सचिवों को भी राहत दी गई है। नई व्यवस्था के तहत दुग्ध समितियों के सचिवों की प्रोत्साहन राशि अब बढ़कर दो रुपये प्रति किलो हो गई है।

यह भी पढ़ें -  सीएम योगी आदित्यनाथ की माता सावित्री देवी का निधन, सीएम धामी ने जताया गहरा शोक

दुग्ध संघ चंपावत की अध्यक्ष पार्वती देवी ने कहा कि जिले में पशुपालकों के हितों को ध्यान में रखते हुए दुग्ध संघ लगातार बेहतर प्रयास कर रहा है। उन्होंने पशुपालकों को संघ की रीढ़ बताते हुए कहा कि उन्हीं की मेहनत और योगदान से दुग्ध व्यवसाय आगे बढ़ रहा है। अध्यक्ष पार्वती देवी ने कहा कि पशुपालकों की इसी मेहनत और योगदान को देखते हुए दूध के खरीद मूल्य में दो रुपये प्रति किलो की बढ़ोतरी कर इसे 48 रुपये प्रति किलो किया गया है। उन्होंने कहा कि बढ़ी हुई दरों से पशुपालकों की आय में वृद्धि होगी।

यह भी पढ़ें -  हरक सिंह रावत के खिलाफ असम में 17 धाराओं में FIR दर्ज, जेनी ने दुष्कर्म और बंधक बनाने की पुलिस से की शिकायत....

पार्वती देवी ने यह भी स्पष्ट किया कि भविष्य में दूध के खरीद मूल्य को और बढ़ाने के लिए शासन स्तर पर पत्राचार किया जाएगा। इस पहल से आगे भी दुग्ध उत्पादकों को बेहतर मूल्य मिलने की राह खुलेगी। देहरादून, यूएस नगर और चंपावत जिले में 48 रुपये प्रति किलो की नई दर लागू होने और 75 फीसदी अनुदान के फैसले से स्थानीय पशुपालकों को बड़ी आर्थिक राहत मिली है।