सीएम योगी आदित्यनाथ की माता सावित्री देवी का निधन, सीएम धामी ने जताया गहरा शोक

ख़बर शेयर करें

देहरादून। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माता सावित्री देवी का 91 वर्ष की आयु में निधन हो गया है। उन्होंने उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले के यमकेश्वर ब्लॉक स्थित अपने पैतृक गांव पंचूर के आवास पर अंतिम सांस ली। उनके निधन की सूचना मिलते ही उत्तर प्रदेश से लेकर उत्तराखंड तक शोक की लहर दौड़ गई है।

जानकारी के अनुसार, माता सावित्री देवी लंबे समय से उम्र संबंधी बीमारियों से जूझ रही थीं और उनका इलाज भी चल रहा था। वृद्धावस्था से जुड़ी स्वास्थ्य समस्याओं के चलते आज उन्होंने अपने पैतृक आवास पर ही देह त्याग दी।

यह भी पढ़ें -  भूस्खलन प्रबंधन में मिलकर काम करेंगे उत्तराखंड और ओडिशा, जल्द होगा समझौता ज्ञापन

इस दुखद समाचार पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी गहरा शोक व्यक्त किया है। सीएम धामी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा करते हुए लिखा, “उत्तर प्रदेश के आदरणीय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी की पूज्य माताजी सावित्री देवी जी के निधन का समाचार अत्यंत दुःखद एवं हृदयविदारक है। माँ का स्नेह, आशीर्वाद और ममता जीवन की सबसे अनमोल पूंजी होती है। उनका जाना परिवार के लिए एक अपूरणीय क्षति है।”

मुख्यमंत्री धामी ने अपनी शोक संवेदना में आगे प्रार्थना करते हुए लिखा, “बाबा केदार से प्रार्थना है कि दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें तथा माननीय योगी जी सहित समस्त शोकाकुल परिजनों को इस असीम दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।”

सावित्री देवी के निधन के बाद अब सभी की निगाहें उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के अपने पैतृक गांव पंचूर पहुंचने के कार्यक्रम पर टिकी हैं। प्रशासन और स्थानीय स्तर पर उनके आगमन तथा माता सावित्री देवी के अंतिम संस्कार से जुड़ी आगे की रूपरेखा की आधिकारिक जानकारी का इंतजार किया जा रहा है।