कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य के पति गिरधारी लाल साहू पर गैंगस्टर एक्ट की तैयारी, 44 से ज्यादा केस दर्ज

ख़बर शेयर करें

देहरादून। देहरादून पुलिस ने कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या के पति गिरधारी लाल साहू उर्फ पप्पू के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी है। देहरादून में चल रही इस कार्रवाई के तहत पुलिस पुराने आपराधिक रिकॉर्ड और मौजूदा मामले के तथ्यों के आधार पर गैंगचार्ट तैयार कर रही है, जिससे गिरधारी लाल साहू पर कानूनी दबाव बढ़ा है।

पुलिस के मुताबिक, यदि प्रक्रिया योजना के अनुसार आगे बढ़ी तो जल्द ही गैंगस्टर एक्ट के तहत एक और प्राथमिकी दर्ज की जा सकती है। जांच एजेंसियों के पास मौजूद जानकारी के अनुसार गिरधारी के खिलाफ उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के विभिन्न थानों में पहले से 44 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं।

यह भी पढ़ें -  उत्तराखंड में आंगनबाड़ी मानदेय 2000 तक बढ़ने की उम्मीद, अतिथि शिक्षकों और भोजन माताओं को भी मिल सकती है खुशखबरी

इस प्रकरण की शुरुआत 15 अक्टूबर को हुई थी, जब मंत्री रेखा आर्या ने कैंट थाने में गिरधारी लाल साहू के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई थी। शिकायत में मारपीट, मानसिक उत्पीड़न, जातिसूचक शब्दों के इस्तेमाल, धोखाधड़ी और जान से मारने की साजिश रचने जैसे गंभीर आरोप लगाए गए थे।

दर्ज शिकायत में यह आरोप भी शामिल है कि गिरधारी ने कथित तौर पर जाली हस्ताक्षर और फर्जी दस्तावेज के सहारे उन्हें चार कंपनियों के निदेशक पद से हटा दिया था। इन आरोपों के सामने आने के बाद यह मामला राज्य की प्रमुख खबरों में बना रहा।

मामले की तफ्तीश के लिए पुलिस ने नौ सदस्यीय एसआईटी का गठन किया था। पुलिस के अनुसार करीब तीन सप्ताह तक फरार रहने के बाद एसआईटी ने सात नवंबर को गिरधारी को झांसी से गिरफ्तार किया था, जिसके बाद से वह न्यायिक हिरासत में देहरादून जेल में बंद है।

यह भी पढ़ें -  उत्तराखंड: UJVN की 3 जल विद्युत परियोजनाओं को मिली अंतिम वन स्वीकृति, पीक डिमांड में मिलेगी बड़ी राहत

पुलिस रिकॉर्ड के हवाले से बताया गया है कि गिरधारी का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है और वह हिस्ट्रीशीटर भी है। बरेली समेत उत्तर प्रदेश के कई जिलों और उत्तराखंड में दर्ज 44 से अधिक मामलों में हत्या, हत्या के प्रयास, दंगा, धोखाधड़ी, जमीन कब्जाने और गैंगस्टर एक्ट से जुड़े मुकदमे शामिल हैं।

पुलिस का कहना है कि पुराने मुकदमों में से कुछ मामलों में उसे सजा मिल चुकी है, जबकि कई मामले अभी अलग-अलग न्यायालयों में विचाराधीन हैं। इन्हीं पुराने मुकदमों और ताजा प्रकरण में सामने आए आरोपों को आधार बनाकर गैंगस्टर एक्ट की कार्रवाई आगे बढ़ाई जा रही है।

यह भी पढ़ें -  उत्तराखंड के 5 जिलों की 9 विधानसभाओं की सड़कों और मंदिरों का होगा कायाकल्प, 17.75 करोड़ रुपये मंजूर

गैंगचार्ट तैयार करने की प्रक्रिया में गिरधारी के आपराधिक नेटवर्क, पुराने मुकदमों और कथित आपराधिक गतिविधियों से जुड़े विवरण जुटाए जा रहे हैं। पुलिस के अनुसार गैंगचार्ट पूरा होने के बाद सक्षम स्तर से अनुमोदन लेकर गैंगस्टर एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कराने की कदमताल की जाएगी। पूरे मामले पर एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने कहा है कि प्रकरण की गंभीरता से जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि पुलिस इस मामले से जुड़े कई अलग-अलग पहलुओं पर काम कर रही है।