देहरादून। 20 नवंबर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के लिए आज का दिन निजी रूप से सबसे भारी रहा। मां के देह त्यागने की खबर उन्हें उस वक्त मिली, जब वो जनता के बीच मंच पर थे।वो गोरखपुर में चंपा देवी पार्क में आयोजित कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को पढ़ाई के लिए टैबलेट वितरित कर रहे थे। तभी अचानक उनके पैतृक गांव पंचूर से खबर आई-मां नहीं रहीं।
अधिकारियों ने चुपके से सीएम के कान में शोक भरी खबर सुनाई। सुनकर मां का बेटा एक क्षण के लिए सहम गया।लेकिन जिस मुख्यमंत्री पद पर योगी आदित्यनाथ बैठे हैं, उसने शायद उन्हें इस बात की इजाजत नहीं दी कि वे सार्वजनिक जगह पर अपनी पलकों को मां की याद में नम कर दें। मां सबकी एक जैसी होती है, चाहे वो राजा की मां हो या रंक की मां। लेकिन कार्यक्रम में सीएम ने किसी को महसूस नहीं होने दिया कि गांव से आई खबर का बोझ कितना भारी है।
91 वर्ष की उम्र में ली अंतिम सांस
पौड़ी गढ़वाल के यमकेश्वर ब्लॉक स्थित पैतृक गांव पंचूर में योगी आदित्यनाथ की पूज्य माताजी सावित्री देवी ने 91 वर्ष की उम्र में अंतिम सांस ली। भाई महेंद्र ने बताया कि उन्हें सांस लेने में तकलीफ हो रही थी, सुबह करीब 11:50 बजे उनका निधन हो गया। पिता के निधन के समय भी यही हुआ था। आपको याद होगा, कोरोना के दौर में मुख्यमंत्री पद की जिम्मेदारी ने उन्हें उनके पिता आनंद सिंह बिष्ट के अंतिम संस्कार में शामिल होने से भी रोक दिया था। शामिल होते तो आम और खास का सवाल बन जाता।
आज फिर वही कर्तव्य, एक बेटे के दर्द पर भारी पड़ गया। जनसेवक का यही फर्ज है कि अपना गम उसे दुनिया-जहान के गम से कम लगे। मां के जाने का गम कम नहीं होता, इसका अहसास एक बेटा ही कर सकता है।’पहचान लिया न मुझे?’अपनी मां से योगी आदित्यनाथ का लगाव जगजाहिर है।
3 मई 2022 को दूसरी बार मुख्यमंत्री बनने के बाद वह करीब पांच साल के अंतराल पर अपने पैतृक गांव पंचूर पहुंचे थे। मां के पैर छूकर आशीर्वाद लेने के बाद उन्होंने मुस्कराते हुए पूछा था- ‘पहचान लिया न मुझे?’ मां ने भी उन्हें पहचानने की बात कही थी। यह मुलाकात काफी भावुक रही थी। इसी साल फरवरी 2026 में भी योगी आदित्यनाथ अपनी मां से मिलने आखिरी बार पंचूर गए थे। इससे पहले जून 2024 में वो ऋषिकेश एम्स में भर्ती मां से मिलने पहुंचे थे।
आज मां के हमेशा के लिए जाने की खबर से योगी आदित्यनाथ पर क्या गुजर रही होगी, वही इस दर्द को बेहतर समझ सकते हैं। क्योंकि एक बेटे ने अपनी मां को खोया है। वो मुख्यमंत्री जरूर हैं, लेकिन एक मां के बेटे भी हैं। आज योगी आदित्यनाथ जिस दर्द के करीब हैं उसे मशहूर शायर मुनव्वर राणा का शेर सलीके से समझा रहा है–वह कबूतर क्या उड़ा, छप्पर अकेला हो गया..माँ के आँखें मूँदते ही घर अकेला हो गया..!

