बागेश्वर दौरे के दौरान दोनों दिग्गज नेताओं के बीच माला पहनाने को लेकर दिखी असहजता का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल; 2027 में सत्ता वापसी का सपना देख रही कांग्रेस के लिए क्या अंदरूनी खींचतान बनेगी सबसे बड़ी चुनौती?
देहरादून। उत्तराखंड कांग्रेस में सब कुछ ठीक है या फिर पार्टी के भीतर मतभेद और मनभेद की कहानी लगातार गहराती जा रही है? यह सवाल एक बार फिर सियासी गलियारों में चर्चा का विषय बन गया है। कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा के उत्तराखंड दौरे के दौरान बागेश्वर में जो नजारा देखने को मिला, उसने पार्टी के भीतर चल रही खींचतान की चर्चाओं को एक बार फिर हवा दे दी है।
मामला नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य और पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत से जुड़ा है। दोनों ही कांग्रेस के वरिष्ठ और कद्दावर नेता हैं, लेकिन बागेश्वर में एक-दूसरे को माला पहनाने के दौरान जिस तरह की असहजता और खींचतान दिखाई दी, उसने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। दोनों नेताओं के हाथों में माला थी, लेकिन एक-दूसरे को पहनाने की स्थिति में जो सहजता और अपनापन नजर आना चाहिए था, वह दिखाई नहीं दिया। दोनों के हावभाव और चेहरे के भाव कैमरे में कैद हो गए। अब यही वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है।
हैरानी की बात यह है कि यह पूरा घटनाक्रम कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा के सामने हुआ। ऐसे में सवाल उठना लाजिमी है कि जब पार्टी के दो बड़े चेहरे एक मंच पर इस तरह असहज नजर आ रहे हों तो संगठन के भीतर तालमेल की स्थिति क्या होगी? क्या प्रदेश कांग्रेस में सब कुछ सामान्य है या फिर अंदरखाने चल रही राजनीतिक खींचतान अब सार्वजनिक मंचों पर भी दिखाई देने लगी है?
उत्तराखंड में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस लगातार सत्ता में वापसी के दावे कर रही है। पार्टी के नेता सरकार को घेरने में कोई कसर नहीं छोड़ रहे हैं। बेरोजगारी, महंगाई, भ्रष्टाचार और तमाम दूसरे मुद्दों पर कांग्रेस सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलती रही है। लेकिन दूसरी तरफ पार्टी के अपने ही बड़े नेताओं के बीच तालमेल को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। ऐसे में राजनीतिक विरोधियों को कांग्रेस पर निशाना साधने का एक और मौका मिल रहा है।
दरअसल, उत्तराखंड कांग्रेस में नेताओं के बीच खींचतान कोई नई बात नहीं है। समय-समय पर गुटबाजी, नेतृत्व को लेकर असहमति और राजनीतिक वर्चस्व की लड़ाई की चर्चाएं सामने आती रही हैं। हरीश रावत प्रदेश की राजनीति में अपना अलग प्रभाव रखते हैं, वहीं यशपाल आर्य भी कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं में गिने जाते हैं और नेता प्रतिपक्ष के रूप में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है।
दोनों नेताओं की राजनीतिक हैसियत और समर्थकों का अपना-अपना आधार है। ऐसे में दोनों के बीच सार्वजनिक मंच पर दिखी असहजता को महज माला पहनाने की औपचारिकता मानकर नजरअंदाज करना आसान नहीं होगा। सबसे बड़ा सवाल प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा की भूमिका को लेकर भी उठ रहा है। आखिरकार प्रभारी के सामने ही जब पार्टी के दो वरिष्ठ नेताओं के बीच इस तरह का दृश्य सामने आया तो क्या संगठन की ओर से इसे गंभीरता से लिया जाएगा? क्या दोनों नेताओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के प्रयास होंगे या फिर कांग्रेस में गुटीय राजनीति इसी तरह चलती रहेगी?
कांग्रेस के सामने चुनौती केवल भाजपा सरकार को सत्ता से बाहर करने की नहीं है, बल्कि अपने नेताओं को एक मंच पर एकजुट रखने की भी है। चुनाव में जनता के सामने जाने से पहले पार्टी को यह साबित करना होगा कि उसके नेता एकजुट हैं और उनके बीच नेतृत्व, सम्मान और राजनीतिक प्राथमिकताओं को लेकर कोई टकराव नहीं है।
फिलहाल बागेश्वर का यह वायरल वीडियो कांग्रेस की अंदरूनी राजनीति पर नए सवाल खड़े कर रहा है। माला पहनाने की छोटी-सी रस्म ने पार्टी के बड़े सियासी समीकरणों की चर्चा छेड़ दी है। अब देखना यह होगा कि कांग्रेस नेतृत्व इस घटनाक्रम को सामान्य शिष्टाचार की असहजता मानकर आगे बढ़ता है या फिर 2027 की चुनावी चुनौती को देखते हुए संगठन के भीतर तालमेल बैठाने के लिए कोई ठोस पहल करता है। क्योंकि सत्ता की चाबी केवल भाजपा की कमजोरियां गिनाने से नहीं मिलेगी, उसके लिए कांग्रेस के नेताओं के बीच दिल और मिजाज का मिलना भी जरूरी है।

