देहरादून में हर 500 मीटर पर बनेगा बस स्टॉप, 25 रूटों पर दौड़ेंगी 307 बसें

ख़बर शेयर करें

देहरादून। उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को पूरी तरह बदलने की तैयारी कर ली गई है। परिवहन विभाग के नेतृत्व में गठित संयुक्त टीम ने शहर में बस संचालन का सर्वे पूरा कर नया रूट प्लान तैयार किया है, जिसके तहत 25 प्रस्तावित रूटों पर कुल 307 बसें दौड़ेंगी। आरटीओ प्रवर्तन अनीता चमोला के मुताबिक, इस योजना के लागू होने से रोजाना करीब 5700 यात्री सुगम सफर कर सकेंगे।

इस नए प्लान के बाद देहरादून के निवासियों को बस पकड़ने के लिए न तो एक से दो किलोमीटर पैदल चलना पड़ेगा और न ही आधे घंटे तक इंतजार करना होगा। विभाग की योजना शहर के मुख्य मार्गों पर हर 250 से 500 मीटर के दायरे में बस स्टॉप बनाने की है, जिसके लिए कुल 821 नए बस स्टॉपेज चिह्नित किए गए हैं।

यात्रियों की सुविधा को देखते हुए बसों की टाइमिंग भी तय कर दी गई है। जिन मार्गों पर यात्रियों की भीड़ अधिक रहती है, वहां हर 11 मिनट के अंतराल पर बस उपलब्ध होगी, जबकि कम भीड़ वाले रूटों पर अधिकतम 17 मिनट में बस मिलेगी। इस सर्वे में मुख्य सड़कों के साथ-साथ अस्पतालों, शिक्षण संस्थानों, रेलवे स्टेशन और औद्योगिक क्षेत्रों को भी जोड़ा गया है।

यह भी पढ़ें -  देहरादून में नवनियुक्त CDO ने संभाला कार्यभार

प्रस्तावित 307 बसों के बेड़े में वर्तमान में चल रहीं 177 निजी बसें, स्मार्ट सिटी की 30 बसें और प्रधानमंत्री ई-बस सेवा के तहत मिलने वाली 100 नई बसें शामिल होंगी। ये सभी बसें शहर में रोजाना करीब 950 ट्रिप लगाएंगी और प्रतिदिन 47 हजार किलोमीटर से अधिक की दूरी तय करेंगी।

इस रूट प्लान को अंतिम रूप देने से पहले परिवहन विभाग ने कई चरणों में मंथन किया। शुरुआत में 13 प्रमुख रूट तय हुए थे, जिन्हें बाद में बांटकर 52 छोटे रूट बनाए गए। हालांकि, रूट बहुत छोटे होने के कारण अधिकारियों ने स्मार्ट सिटी की बस में बैठकर दोबारा जमीनी सर्वे किया और अब 25 व्यावहारिक रूटों पर मुहर लगाई है।

यह भी पढ़ें -  उत्तराखंड की सभी 7797 ग्राम पंचायतों को देना होगा बाल विवाह मुक्त होने का प्रमाण, मंत्री रेखा आर्या के सख्त निर्देश

नए रूट प्लान में शहर के लगभग हर कोने को कवर किया गया है। प्रमुख मार्गों में आईएसबीटी से पटेलनगर, रेलवे स्टेशन, परेड ग्राउंड, सर्वे चौक, धर्मपुर, बंगाली कोठी और दून यूनिवर्सिटी होते हुए दूधली तक बस चलेगी। वहीं, प्रेमनगर से बल्लूपुर, घंटाघर, रायपुर, शमशेरगढ़ और बालावाला होते हुए गुलरघाटी तक भी सीधी सेवा मिलेगी।

इसके अलावा आईएसबीटी से रिस्पना पुल, जोगीवाला, राजपुर व थानो होते हुए भानियावाला तथा बिष्ट गांव से पुरुकुल रोड, कैनाल रोड और सर्वे चौक होते हुए रिस्पना पुल तक रूट तय किए गए हैं। चंद्रबनी से आईएसबीटी, रेलवे स्टेशन, घंटाघर व राजपुर रोड होते हुए कठाल गेट और आईएसबीटी से मियांवाला व रायपुर होते हुए मालदेवता के लिए भी बसें चलेंगी।

यह भी पढ़ें -  उत्तराखंड: 38वें राष्ट्रीय खेलों के पदक विजेताओं की सरकारी नौकरी में फंसा पेंच, यह कारण बना बड़ी बाधा

छात्रों और दैनिक यात्रियों की सुविधा के लिए शिवालिक कॉलेज से आईएसबीटी, घंटाघर व रिस्पना पुल होते हुए डोईवाला, घंटाघर से प्रेमनगर होते हुए यूपीईएस और परवल से प्रेमनगर, आईएसबीटी व रिस्पना होते हुए जौलीग्रांट तक रूट प्रस्तावित हैं। साथ ही आशारोड़ी से रिंग रोड होते हुए नकरौंदा और क्लेमेंटटाउन से गढ़ीकैंट व दिलाराम बाजार होते हुए ब्रह्मकमल रोटरी तक भी बसें संचालित होंगी।

आरटीओ प्रवर्तन अनीता चमोला ने बताया कि संयुक्त टीम की यह सर्वे रिपोर्ट जल्द ही अंतिम मंजूरी के लिए शासन को भेजी जाएगी। शासन की स्वीकृति और नई बसों की उपलब्धता सुनिश्चित होते ही देहरादून की सड़कों पर इस नई परिवहन व्यवस्था को लागू कर दिया जाएगा।