रुद्रप्रयाग– जिले के तिलवाड़ा-तैला मार्ग के पास एक ईको वाहन अनियंत्रित होकर तकरीबन 350 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। इस दर्दनाक हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि छह अन्य लोग घायल हो गए। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची एसडीआरएफ, डीडीआरएफ और फायर सर्विस की टीम ने संयुक्त रेस्क्यू अभियान चलाकर दोनों शवों को खाई से निकाला और पुलिस के सुपुर्द किया।
जानकारी के अनुसार, वाहन में कुल आठ लोग सवार थे और सभी एक विवाह समारोह में शामिल होने के लिए कुरछोला से जखनोली जा रहे थे। इसी दौरान तिलवाड़ा-तैला के समीप वाहन अचानक नियंत्रण खो बैठा और गहरी खाई में जा गिरा।
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए खाई से घायलों को बाहर निकाला और उन्हें उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। वहीं, दुर्गम खाई में फंसे दोनों मृतकों के शव निकालने के लिए एसडीआरएफ, डीडीआरएफ और फायर सर्विस की टीमों ने अभियान चलाया। रेस्क्यू टीमों ने कड़ी मशक्कत के बाद शवों को खाई से बाहर लाकर अग्रिम कार्यवाही के लिए पुलिस को सौंप दिया।

