जनपद ऊधम सिंह नगर के जसपुर क्षेत्र में आग लगने की एक बड़ी घटना सामने आई है, जहां भोगपुर फार्म स्थित गुर्जरों के एक डेरे पर पशुओं के चारे के लिए इकट्ठा की गई करीब 50 ट्राली पुराल जलकर राख हो गई। आग इतनी भीषण थी कि देखते ही देखते पुराल के पूरे ढेर को अपनी चपेट में ले लिया।
बताया जा रहा है कि आज सुबह करीब 3 बजे भोगपुर फार्म निवासी अकबर गुर्जर के डेरे पर रखी पुराल में अचानक आग लग गई। आग की लपटें उठती देख आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। लोगों ने अपने स्तर से आग बुझाने का काफी प्रयास किया, लेकिन आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। देखते ही देखते करीब 50 ट्राली पुराल आग की भेंट चढ़ गई और जलकर राख हो गई। बताया जा रहा है कि इस घटना में अकबर गुर्जर को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।
पीड़ित ने बताया कि ये घटना करीब रात 3:00 बजे के आसपास हुई है। जब सुबह पशुओ को चारा देने के लिए उठे तो सारी पुराल की ढेर सुलगी हुई थी, और देखते ही देखते आग तेज होकर पूरी तरह से भभकने लगी। अपने संसाधानो से आग को बुझाने की कोशिश भी की गई लेकिन नाकामयाब रहे। फायर ब्रिगेड को भी खबर दी गई जब तक अग्निशमन दल पहुंचा तब तक पुराल ढेर में आग विकराल हो चुकी थी। जिसने छह लाख की रकम से खरीदे गए पचास ट्राली पुराल को खाक बना दिया।
पीड़ित की मांग है कि प्रशासन आग हादसे की जांच करे और दोषियों के खिलाड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए वहीं उनकी मदद भी की जाए ताकि जानवरो के लिए भोजन का इंतजाम हो सके।

