नैनीताल जिले में पर्यटकों की भारी भीड़ उमड़ रही है पर्यटकों की भीड़ को देखते हुए नैनीताल पुलिस जहां भवाली, कैंची धाम और नैनीताल जैसे प्रमुख पर्यटन स्थलों पर व्यवस्थाओं को लेकर अलर्ट दिखाई दे रही है वहीं विश्व प्रसिद्ध जिम कॉर्बेट नेशनल पार्क के प्रवेश द्वार रामनगर में यातायात व्यवस्था की तस्वीर कुछ अलग ही नजर आ रही है, यहां पर्यटकों को घंटों जाम में फंसकर रेंगते हुए अपनी मंजिल तक पहुंचना पड़ रहा है… रामनगर में पुलिस स्टाफ की कमी बरकरार है, लिहाजा खाकी ट्रैफिक के मोर्चे पर चुनौतियों का सामना कर रही है
पुलिसकर्मी सड़कों पर मोर्चा संभाले हुए हैं… लेकिन सैलानियों की बढ़ती तादाद हर चौक-चौराहे पर खाकी का इम्तिहान ले रही है। हालात ऐसे हैं कि कई जगह वाहन रेंगते नजर आ रहे हैं, पर्यटकों को अपनी मंजिल तक पहुंचने के लिए घंटों इंतजार करना पड़ रहा है। खासकर हर वीकेंड में रामनगर की सड़कों पर सैलानियों का बढ़ता दबाव इंतजामात की पेशानी पर बल डाल रहा है। हालांकि सीमित संसाधनों और स्टाफ के बावजूद पुलिसकर्मी सड़कों पर उतरकर यातायात को नियंत्रित करने में जुटे हैं… लेकिन पर्यटकों का बढ़ता दबाव और स्थानीय वाहनों की आवाजाही हालात को और चुनौतीपूर्ण बना रही है
रामनगर सिर्फ एक नगर नहीं बल्कि कॉर्बेट पर्यटन का प्रमुख प्रवेश द्वार भी है, हर साल लाखों पर्यटक यहां सैर-सपाटे के मकसद से जंगल सफारी के लिए पहुंचते हैं… ऐसे में पर्यटन सीजन और वीकेंड के दौरान यातायात व्यवस्था पुलिस और स्थानीय जनता के लिए परेशानी का सबब बन रही है। लिहाजा जरूरत है रामनगर पर नजरें इनायत की ताकि सड़क पर सफर के लिए कुछ मुक्कमल इंतजाम हो सकें और सैलानियों का सफर सुकून भरा रहे।

