देहरादून- प्रदेश की महिलाओं की आमदनी बढ़ाने के लिए सूबे की धामी सरकार ने बैंणी-भुली योजना के तहत महिलाओं के खाते में सीधे बीस हजार भेजने का ऐलान किया था। कहा गया कि बीस हजार की रकम से सूबे की उन महिलाओं को अपनी आमदनी बढ़ाने में मदद मिलेगी जो महिला समूह से जुड़कर कोई न कोई रोजगार काम कर रही हैं।
बहरहाल सूबे के ग्राम्य विकास मंत्री भरत चौधरी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर साफ कर दिया है कि बैणी-भुली योजना के तहत जो बीस हजार की रकम देने का ऐलान किया गया है वो दो किस्तो मे जारी होगी। पहली किस्त दिसंबर महीने में जारी होगी जबकि दूसरी किश्त चुनाव के बाद जारी की जाएगी।
योजना के तहत राज्य की 5 लाख 23 हजार महिलाएं इस योजना से लाभान्वित होंगी। ग्राम्य विकास मंत्री भरत चौधरी ने प्रेस वार्ता कर बताया कि महिलाओं के खातों में डीबीटी के माध्यम से 10 हजार रुपये की पहली किस्त दिसबंर महीने में भेजी जाएगी। वहीं उन्होने बताया कि प्रदेश में अब तक तीन लाख तीस हजार महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं।
वहीं प्रेस वार्ता मे ग्राम्य विकास मंत्री जानकारी देते हुए बताया कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत प्रदेश को करीब 500 नई सड़कों की स्वीकृति मिलने की उम्मीद है। वहीं उन्होने कहा कि करीब 700 सड़कें वन भूमि हस्तांतरण की प्रक्रिया में हैं। तय है कि सब कुछ सरकार के मुताबिक हुआ तो सूबे के गांव-गांव में सड़क पहुंच जाएंगी।

