उत्तराखंड में बनेगा नया ‘स्टेट स्किल डेवलपमेंट प्लान’, युवाओं को सिर्फ सर्टिफिकेट नहीं, सीधे मिलेगी नौकरी!

ख़बर शेयर करें

देहरादून। उत्तराखंड मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन की अध्यक्षता में आज शुक्रवार को सचिवालय में एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में प्रदेश का नया ‘स्टेट स्किल डेवलपमेंट प्लान’ तैयार करने का बड़ा फैसला लिया गया। मुख्य सचिव ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि उद्योगों की वास्तविक मांग और युवाओं के प्रशिक्षण के बीच के अंतर को तुरंत दूर किया जाए ताकि प्रशिक्षित युवाओं को सीधे रोजगार से जोड़ा जा सके।

मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने राज्य और जिला स्तर पर स्थानीय आवश्यकताओं का सटीक आकलन करते हुए योजनाएं बनाने के आदेश दिए। उन्होंने सभी जिलाधिकारियों को अपने-अपने जनपद का ‘डिस्ट्रिक्ट स्किल डेवलपमेंट प्लान’ जल्द तैयार कर विभागीय पोर्टल पर अपलोड करने को कहा। इस योजना के तहत जिलों में रोजगार की नई संभावनाओं, उपलब्ध प्रशिक्षण सुविधाओं और कौशल की मांग का पूरा ब्योरा दर्ज किया जाएगा।

यह भी पढ़ें -  उत्तराखंड में सस्ती बिजली जुटाने की बड़ी कवायद, सरकार पीक ऑवर्स में खुद तैयार करेगी बिजली

समीक्षा के दौरान उन उभरते क्षेत्रों पर विशेष ध्यान देने को कहा गया जहां रोजगार के अवसर तो हैं, लेकिन प्रशिक्षण पाठ्यक्रम उपलब्ध नहीं हैं। मुख्य सचिव ने ऐसे क्षेत्रों को चिन्हित कर तुरंत नए कौशल विकास कार्यक्रम शुरू करने के निर्देश दिए। इस काम में सेतु आयोग द्वारा किए गए अध्ययन और रिपोर्ट की मदद लेने के भी निर्देश दिए गए हैं।

यह भी पढ़ें -  उत्तराखंड चुनाव के लिए BJP का सबसे बड़ा दांव, सभी 70 सीटों पर उतारे ट्रेंड 'विस्तारक'

कौशल विकास को उद्योगों की व्यावहारिक जरूरतों से जोड़ने के लिए भारतीय उद्योग परिसंघ और प्रतिष्ठित इंजीनियरिंग कॉलेजों के साथ बेहतर तालमेल बिठाया जाएगा। मुख्य सचिव ने कहा कि प्रदेश में चल रहे सभी सरकारी और निजी प्रशिक्षण कार्यक्रमों के मानक तय किए जाएंगे ताकि प्रशिक्षण की गुणवत्ता में एकरूपता लाई जा सके।

प्रशिक्षण कार्यक्रमों की पारदर्शिता और प्रभावकारिता सुनिश्चित करने के लिए मुख्य सचिव ने नियमित जांच के साथ स्वतंत्र एजेंसी से ‘थर्ड पार्टी ऑडिट’ कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि योजनाओं का मकसद युवाओं को सिर्फ प्रमाण पत्र बांटना नहीं, बल्कि उन्हें उद्योगों की मांग के अनुरूप दक्ष बनाकर बेहतर रोजगार दिलाना है।

यह भी पढ़ें -  उत्तराखंड के हर जिले में बनेगा CBT परीक्षा केंद्र: UKSSSC और कर्मचारी चयन आयोग के युवाओं को मिलेगी बड़ी राहत

सचिवालय में हुई इस महत्वपूर्ण बैठक में सचिव सी. रविशंकर, श्रीधर बाबू अद्दांकी, अपर सचिव मनुज गोयल, रोहित मीणा, नवनीत पाण्डे, अनुराधा पाल, नरेन्द्र सिंह भण्डारी मौजूद रहे। इसके अलावा सीआईआई उत्तराखंड के अध्यक्ष संजय अग्रवाल, निदेशक गौरव लांबा और बजाज इंजीनियरिंग स्किल्स ट्रेनिंग सेंटर के डॉ. सचिन शर्मा सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।