देहरादून। दून में नवरात्र से दीपावली तक के त्योहारी सीजन और राज्य स्थापना दिवस के महत्वपूर्ण वीआईपी कार्यक्रमों को देखते हुए पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट हो गया है। पुलिस कार्यालय सभागार में आयोजित क्राइम मीटिंग के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेंद्र डोबाल ने दो टूक चेतावनी दी है कि चेकिंग या यातायात व्यवस्था में लापरवाही के कारण कोई भी अप्रिय घटना हुई, तो संबंधित थाना प्रभारी के खिलाफ सीधी विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
SSP ने सभी क्षेत्राधिकारियों और थाना प्रभारियों को निर्देश दिए हैं कि वे पीक आवर में खुद सड़क पर उतरें। मुख्य बाजारों, विशेषकर पलटन बाजार और व्यस्त चौराहों पर खुद मौजूद रहकर ट्रैफिक व्यवस्था संभालने के कड़े निर्देश दिए गए हैं। पुलिस की इस ग्राउंड एक्टिविटी का सीधा असर शहर की कानून-व्यवस्था पर पड़ेगा।
संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा चाक-चौबंद रखने के लिए पलटन बाजार समेत कई भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पुलिसकर्मी वर्दी के साथ-साथ सादे कपड़ों में भी तैनात किए जाएंगे। इसके अलावा, दुकानों के बाहर और फुटपाथों पर फैला अस्थायी अतिक्रमण सख्ती से हटाया जाएगा, ताकि आपातकालीन वाहन और दमकल गाड़ियां बिना किसी बाधा के निकल सकें।
क्राइम मीटिंग के दौरान साइबर शिकायतों के निस्तारण में देरी और CCTNS पोर्टल पर सूचनाएं अपडेट न करने पर एसएसपी का कड़ा गुस्सा देखने को मिला। उन्होंने लापरवाह थाना प्रभारियों को कड़ी फटकार लगाई। साथ ही, रायपुर हत्याकांड के बाद जमानत पर छूटे अपराधियों का भौतिक सत्यापन करने और सोशल मीडिया पर भ्रामक खबरें फैलाने वालों पर पैनी नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं।
त्योहारों के मद्देनजर सर्राफा बाजारों, बैंकों और एटीएम बूथों की सुरक्षा का भी कड़ा परीक्षण होगा। धनतेरस और दीपावली पर ज्वेलरी शॉप्स और फाइनेंस कार्यालयों की सुरक्षा जांची जाएगी। जिन एटीएम बूथों या प्रतिष्ठानों में सुरक्षा गार्ड, अलार्म या सीसीटीवी कैमरे नहीं हैं, उनकी सूची बनाकर प्रबंधकों को नोटिस देने और इस कार्रवाई का रिकॉर्ड थानों के रजिस्टर में दर्ज करने के निर्देश दिए गए हैं।

