“गोलू महाराज की कसम खाकर कहें…”: पति गिरधारी लाल साहू का वायरल वीडियो, रेखा आर्य पर लगाए गंभीर आरोप

ख़बर शेयर करें

देहरादून। उत्तराखंड सरकार की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य और उनके पति गिरधारी लाल साहू उर्फ पप्पू के बीच का विवाद अब सार्वजनिक हो गया है। अब गिरधारी लाल साहू का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें उन्होंने अपनी पत्नी पर भ्रष्टाचार के जरिए 210 करोड़ रुपये का साम्राज्य खड़ा करने का सनसनीखेज आरोप लगाया है। इस वीडियो के सामने आते ही राज्य की राजनीति में भूचाल आ गया है।

वायरल वीडियो में गिरधारी लाल साहू ने अपनी पत्नी और कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि उन्होंने ही रेखा आर्य को सड़क से उठाकर मंत्री बनवाया था। उन्होंने कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य पर एक के बाद एक प्रश्न दागते हुए गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि मंत्री रेखा आर्य गोलू महाराज और बाबा बनखंडी की कसम खाएं और कहें कि मैने उनके भ्रष्टाचार से लिप्त पैसे में अगर एक भी रुपिया लिया हो, या फिर कभी प्रताड़ित किया हो या गाली-गलौज जैसी भाषा का प्रयोग किया हो।

यह भी पढ़ें -  अंकिता हत्याकांड: कांग्रेस के आरोपों पर भड़के सीएम धामी, बोले- 'संवेदनशील मामले पर विपक्ष सेंक रहा सियासी रोटियां'

वीडियो में साहू ने मंत्री रेखा आर्य की भूतपूर्व और वर्तमान आर्थिक स्थिति का हवाला देते हुए कहा कि शादी के समय आप के पास मात्र 2 जोड़ी सूट थे लेकिन आज मैने आपको कहां से कहां पहुंचा दिया। उन्होंने आगे कहा कि सोमेश्वर विधानसभा इस बात की साक्षी है कि बीते 17 सालों से मैने मंत्री रेखा आर्य को चुनाव लड़वाने से लेकर लोगों के समक्ष झोली फैलाकर वोटों की भीख मांगने तक का काम किया है और आज मंत्री रेखा आर्य द्वारा उनके ऊपर इस प्रकार के निराधार आरोप लगाए जा रहे हैं।

यह भी पढ़ें -  उत्तराखंड में सरकारी डॉक्टरों की भर्ती प्रक्रिया में बड़ा बदलाव: इंटरव्यू की जगह लिखित परीक्षा से होगा चयन

अपने बयानों में साहू ने आरोप लगाया कि कैबिनेय मंत्री रेखा आर्य के द्वारा भ्रष्टाचार के जरिए करोड़ों रुपये की संपत्ति बनाई गई है और वे जल्द ही इस पूरे मामले की कलई खोलकर जनता के सामने रखेंगे। गौरतलब है कि पति-पत्नी के बीच उपजे इस पारिवारिक व राजनीतिक विवाद और 210 करोड़ रुपये के आरोपों ने सरकार को असहज स्थिति में डाल दिया है।

यह भी पढ़ें -  उत्तराखंड: केंद्र ने जल जीवन मिशन के लिए जारी किए ₹281 करोड़, 900 पेयजल योजनाओं का रास्ता साफ

गिरधारी लाल साहू ने वीडियो के अंत में चेतावनी दी है कि वे आने वाले दिनों में और भी कई सबूत और तथ्य सामने लाएंगे। इस पूरे घटनाक्रम के बाद जहां एक तरफ राजनीतिक गलियारों में बयानों का दौर शुरू हो गया है, वहीं दूसरी तरफ इस पूरे मामले पर अब कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य के पक्ष का इंतजार किया जा रहा है।