देहरादून। उत्तराखंड में सड़कों को गड्ढा मुक्त और दुरुस्त करने के लिए 15 अक्टूबर की अंतिम समय सीमा तय की गई है। हालांकि, लोक निर्माण विभाग और निर्माण एजेंसियों के सामने बड़ी चुनौती खड़ी है क्योंकि राज्य में अभी भी 3,184 किलोमीटर सड़कों पर पैच वर्क का काम पूरा होना बाकी है।
प्रदेश में बीते दिनों हुई भारी बारिश और भूस्खलन के कारण 3,665 मुख्य और संपर्क मार्गों को भारी नुकसान पहुंचा था। इसके बाद प्रशासन ने राज्यभर में कुल 9,389 किलोमीटर लंबी सड़कों को मरम्मत व पैच वर्क के लिए चिन्हित किया था।
सड़क सुधार के इस अभियान में लोनिवि, पीएमजीएसवाई और राष्ट्रीय राजमार्ग जैसी एजेंसियां जुटी हुई हैं। आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, 11 अक्टूबर तक 6,205 किलोमीटर सड़कों पर मरम्मत कार्य पूरा कर लिया गया था। लेकिन बची हुई 3,184 किमी सड़कों पर तय समय सीमा में काम पूरा करना एक कठिन लक्ष्य बना हुआ है।
लोनिवि विभागाध्यक्ष राजेश चंद्र शर्मा ने बताया कि लगातार हुई बारिश की वजह से पैच वर्क का काम काफी प्रभावित हुआ था। उन्होंने आश्वासन दिया कि यदि मौसम अनुकूल रहता है, तो तय समय सीमा के भीतर सभी चिन्हित सड़कों की मरम्मत पूरी करने का पूरा प्रयास किया जाएगा।

