उत्तराखंड में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल: IAS-PCS समेत 6 वरिष्ठ अधिकारियों के बदले विभाग

ख़बर शेयर करें

देहरादून। उत्तराखंड शासन ने राज्य की प्रशासनिक व्यवस्था में बड़ा फेरबदल करते हुए आईएएस, पीसीएस और सचिवालय सेवा के 6 वरिष्ठ अधिकारियों के विभागों में देर रात बदलाव कर दिए हैं। राजधानी देहरादून में कार्मिक विभाग की ओर से जारी आधिकारिक आदेश के तहत कई अधिकारियों से पुराने विभाग वापस लेकर उन्हें नई और महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।

आदेश के अनुसार, अपर सचिव आयुष डॉ. विजय कुमार जोगदंडे को अब शासन में अपर सचिव गृह की अहम जिम्मेदारी दी गई है। वहीं, अपर सचिव डॉ. आनंद श्रीवास्तव को राजस्व विभाग से मुक्त करते हुए नागरिक उड्डयन विभाग का अपर सचिव और कृषि विभाग का महानिदेशक बनाया गया है।

यह भी पढ़ें -  उत्तराखंड में उमड़ा पर्यटकों का सैलाब: मसूरी से कैंची धाम तक लगा भीषण जाम

प्रशासनिक पुनर्गठन के तहत अपर सचिव शहरी विकास विनोद गिरी गोस्वामी से आवास विभाग का प्रभार वापस ले लिया गया है, जबकि उनके अन्य प्रभार पूर्ववत बने रहेंगे। इसके अलावा पीसीएस सुंदर लाल सेमवाल से समाज कल्याण विभाग हटा दिया गया है, लेकिन वे सचिवालय प्रशासन समेत अपने बाकी विभागों की जिम्मेदारी संभालते रहेंगे।

यह भी पढ़ें -  उत्तराखंड: सर्दियों में बढ़ सकती है बिजली की किल्लत, ऊर्जा निगम ने शुरू की खास तैयारी

सचिवालय सेवा के अधिकारियों में भी फेरबदल किया गया है। अपर सचिव सुनील सिंह को गृह विभाग के प्रभार से हटाकर अब आवास विभाग का अपर सचिव बनाया गया है। लंबे समय से बाध्य प्रतीक्षा में चल रही सचिवालय सेवा की अधिकारी महिमा रौंकली को शासन ने नई जिम्मेदारी सौंपी है। उन्हें अपर सचिव राजस्व और अपर सचिव सैनिक कल्याण विभाग का प्रभार दिया गया है। देर रात हुए इस बड़े प्रशासनिक फेरबदल के बाद शासन ने सभी संबंधित अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से अपने नए विभागों में पदभार ग्रहण करने के निर्देश जारी कर दिए हैं।