उत्तराखंड: कैंसर की नकली दवाओं को लेकर सख्त हुआ FDA, प्रदेश के सभी अस्पतालों में जांच के कड़े आदेश

ख़बर शेयर करें

देहरादून। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने प्रदेश भर के सरकारी और निजी अस्पतालों में कैंसर रोधी दवाओं की सघन जांच कराने के कड़े आदेश दिए हैं। हाल ही में देश के कई राज्यों में कैंसर की नकली दवाइयां मिलने के गंभीर मामले उजागर होने के बाद उत्तराखंड सरकार ने यह सख्त कदम उठाया है। FDA ने सभी ड्रग निरीक्षकों को अपने-अपने क्षेत्रों के अस्पतालों का तुरंत निरीक्षण करने के निर्देश दिए हैं।

यह भी पढ़ें -  51 मुकदमों वाला हिस्ट्रीशीटर मुन्ना गिरफ्तार

विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार, कर्नाटक और राजस्थान सहित अन्य राज्यों में कैंसर के इलाज में इस्तेमाल होने वाली नकली दवाओं की बिक्री का मामला सामने आया था। इसी को देखते हुए उत्तराखंड में एहतियात के तौर पर जांच अभियान शुरू किया गया है। शासन का मुख्य उद्देश्य प्रदेश के भीतर किसी भी प्रकार की नकली या अमानक दवाओं की आपूर्ति और इस्तेमाल पर पूरी तरह रोक लगाना है।

यह भी पढ़ें -  किशाऊ बांध पर तकरार शुरू, हिमाचल और चकराता के ग्रामीण उतरे सड़क पर, हमारी मांग ढ़ग से सुनो !

उत्तराखंड के कई प्रमुख सरकारी और निजी अस्पतालों में कैंसर का इलाज किया जा रहा है, जहां रोज सैकड़ों मरीज पहुंचते हैं। विशेष जांच अभियान के तहत ड्रग इंस्पेक्टर यह जांचेंगे कि मरीजों को किस ब्रांड की दवाएं दी जा रही हैं और उनकी गुणवत्ता क्या है। इसके साथ ही दवाओं के सैंपल लेकर लैब जांच के लिए भेजे जाएंगे, ताकि किसी भी तरह की गड़बड़ी पकड़ी जा सके।

FDA के अपर आयुक्त ताजबर सिंह जग्गी ने बताया कि विभाग प्रदेश में नकली दवाओं के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रहा है। उन्होंने कहा कि सभी औषधि निरीक्षकों को अस्पतालों में कैंसर की दवाओं की नियमित जांच करने के आदेश दिए गए हैं। अपर आयुक्त ने चेतावनी दी कि यदि निरीक्षण के दौरान कहीं भी नकली या घटिया दवाएं पाई जाती हैं, तो संबंधित आपूर्तिकर्ताओं और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।