देहरादून। पावर ट्रांसमिशन कॉर्पोरेशन ऑफ उत्तराखंड लिमिटेड और उत्तराखंड जल विद्युत निगम लिमिटेड में समूह-ग के 78 पदों पर भर्ती का आधिकारिक विज्ञापन जारी कर दिया गया है। उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग के अनुसार, इन पदों के लिए आगामी 12 अक्टूबर से ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
आयोग के सचिव एनएस डुंगरियाल के मुताबिक, पिटकुल में टेक्निशियन ग्रेड-2 के 37 पद हैं। वहीं यूजेवीएनएल में टेक्निशियन ग्रेड-2 के 16 और यांत्रिक के 25 पदों पर भर्ती होगी। अभ्यर्थी 12 अक्टूबर से 25 नवंबर तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। आवेदन में किसी भी गलती को सुधारने के लिए 28 से 30 नवंबर तक का मौका दिया जाएगा, जबकि लिखित परीक्षा अगले साल 14 मार्च को प्रस्तावित है।
शैक्षणिक योग्यता की बात करें तो आवेदकों का विज्ञान और गणित के साथ 10वीं पास होना जरूरी है। साथ ही संबंधित ट्रेड जैसे इलेक्ट्रीशियन या फिटर में आईटीआई और दो वर्ष का अनुभव प्रमाण पत्र अनिवार्य है। इन पदों के लिए आयु सीमा 18 से 42 वर्ष तय की गई है, और आरक्षित वर्ग को नियमानुसार छूट मिलेगी। चयन के लिए 100 अंकों की बहुविकल्पीय परीक्षा होगी, जिसमें सामान्य व ओबीसी के लिए 45% और एससी-एसटी के लिए 35% अंक लाना अनिवार्य है।
सामान्य, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस के लिए आवेदन शुल्क 300 रुपये और एससी-एसटी व दिव्यांगों के लिए 150 रुपये रखा गया है। इसके अलावा आयोग ने सहायक कृषि अधिकारी और चारा सहायक भर्ती परीक्षा के एडमिट कार्ड भी जारी कर दिए हैं, जो 11 अक्टूबर को आयोजित होगी। कलाकार और मानचित्रकार भर्ती परीक्षा के प्रवेश पत्र भी इसी दिन की दूसरी पाली के लिए जारी किए गए हैं।

