देहरादून। उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह के पाँच वर्षीय सफल कार्यकाल की सराहना करते हुए सजग इंडिया फाउंडेशन के अध्यक्ष एवं शिक्षाविद् ललित मोहन जोशी ने राजभवन में उनसे शिष्टाचार भेंट की है। इस दौरान उन्होंने राज्यपाल को उनके सफल कार्यकाल के लिए हार्दिक शुभकामनाएँ दीं और उनके निरंतर मार्गदर्शन व प्रेरणा के प्रति गहरा आभार व्यक्त किया। ललित जोशी ने कहा कि राज्यपाल का यह पूरा कार्यकाल शिक्षा, युवा सशक्तीकरण, स्वास्थ्य और सामाजिक जागरूकता के प्रति पूरी तरह समर्पित रहा है।

ललित जोशी ने बताया कि 15 सितंबर 2021 को कार्यभार संभालने के बाद से राज्यपाल गुरमीत सिंह ने राज्य के विकास के लिए शिक्षा, महिला सशक्तीकरण, आधुनिक तकनीक और जनकल्याणकारी विषयों को हमेशा प्राथमिकता दी है। उनके विजन से उच्च शिक्षा में शोध, नवाचार और विश्वविद्यालयों में पारदर्शिता को बढ़ावा मिला है। साथ ही, सीमांत क्षेत्रों के विकास और युवाओं को रोजगारोन्मुखी कौशल से जोड़ने पर उनका विशेष फोकस रहा है।
सजग इंडिया फाउंडेशन के कार्यों का जिक्र करते हुए ललित जोशी ने कहा कि राज्यपाल का मार्गदर्शन संस्था के लिए हमेशा से प्रेरणादायी रहा है। उनकी संस्था पिछले 18 वर्षों से युवाओं को नशे से दूर रखने और एक स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। इस अभियान के तहत उत्तराखंड और आसपास के राज्यों के 1,500 से अधिक शिक्षण संस्थानों में युवा संवाद आयोजित किए गए हैं, जिसके जरिए 8 लाख से अधिक युवाओं तक पहुँच बनाई गई है।

उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि राज्यपाल ने युवाओं को नशे की विभीषिका से बचाने के इन प्रयासों की भरपूर सराहना की है। राज्यपाल का यह संदेश कि “नशे के विरुद्ध लड़ाई पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है”, इस अभियान को और अधिक मजबूती देता है। ललित जोशी ने विश्वास जताया कि राज्यपाल द्वारा शिक्षा और सामाजिक जागरूकता के क्षेत्र में दिए गए संदेश आने वाली पीढ़ियों को हमेशा एक सकारात्मक दिशा प्रदान करते रहेंगे।

