देहरादून। उत्तराखंड के मसूरी और लंढौर की वादियों में इन दिनों बॉलीवुड का मेला लगा हुआ है। प्रसिद्ध निर्देशक अनीस बज़्मी के निर्देशन में बन रही बड़ी फिल्म ‘SVC60’ की शूटिंग पहाड़ों की रानी मसूरी में जोर-शोर से चल रही है। फिल्म में मुख्य भूमिका निभा रहे राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता अभिनेता अक्षय कुमार और अभिनेत्री राशि खन्ना के दृश्यों को शूट किया जा रहा है। इस फिल्म का निर्माण निर्माता दिल राजू के प्रतिष्ठित बैनर ‘श्री वेंकटेश्वर क्रिएशन्स’ द्वारा किया जा रहा है।
फिल्म की शूटिंग 10 अक्टूबर से शुरू होकर 20 अक्टूबर 2026 तक चलेगी। इसके लिए मसूरी के माल रोड, लंढौर के प्रसिद्ध ‘चार दुकान’ क्षेत्र, ऐतिहासिक राधा भवन एस्टेट और प्रतिष्ठित ‘होटल सवॉय’ जैसे खूबसूरत स्थलों को चुना गया है। इन लोकेशंस की औपनिवेशिक वास्तुकला और प्राकृतिक सुंदरता फिल्म के दृश्यों को एक आकर्षक और विंटेज लुक दे रही है।

उत्तराखंड सरकार की नई ‘फिल्म नीति 2024’ के तहत राज्य को देश का सबसे पसंदीदा शूटिंग डेस्टिनेशन बनाने पर काम चल रहा है। इस नीति के जरिए न केवल बड़े फिल्म निर्माताओं को सुविधाएं दी जा रही हैं, बल्कि फिल्म पर्यटन के माध्यम से स्थानीय होटल, परिवहन और खान-पान उद्योग को भी सीधा फायदा पहुंचाया जा रहा है।
फिल्म अनुमतियों को आसान बनाने के लिए राज्य में लागू ‘सिंगल विंडो क्लेयरेंस सिस्टम’ के तहत महज 7 दिनों के भीतर शूटिंग की सभी प्रशासनिक अनुमतियां दी जा रही हैं। इस त्वरित प्रक्रिया से फिल्म निर्माताओं को अलग-अलग विभागों के चक्कर नहीं काटने पड़ते, जिससे राज्य में शूटिंग करना और भी आसान हो गया है।
मसूरी में ‘SVC60’ जैसे बड़े बजट के बॉलीवुड प्रोजेक्ट्स की शूटिंग होने से स्थानीय कलाकारों, तकनीशियनों और गाइडों के लिए रोजगार के नए अवसर बन रहे हैं। इसके साथ ही, सिल्वर स्क्रीन पर मसूरी और लंढौर के खूबसूरत नजारे आने से राज्य के पर्यटन को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलेगी।

