देहरादून। उत्तराखंड सरकार ने राज्य के युवाओं को प्रशासनिक कामकाज का व्यावहारिक अनुभव देने के लिए सरकारी विभागों में दो महीने के ‘एक्सपीरियंस लर्निंग प्रोग्राम’ की शुरुआत की है। युवा कल्याण विभाग से शुरू की गई इस योजना के तहत चयनित युवाओं को काम सीखने के साथ-साथ हर महीने 5,000 रुपये का मानदेय भी दिया जाएगा। राज्य सरकार के इस फैसले से उत्तराखंड के स्नातक और अध्ययनरत युवाओं को सीधा लाभ मिलेगा।
विशेष प्रमुख सचिव अमित कुमार सिन्हा के अनुसार, राज्य सरकार ने ‘डिजिटल युवा महोत्सव 2026-27’ के तहत इस दो महीने के इंटर्नशिप प्रोग्राम को प्रशासनिक स्वीकृति दे दी है। योजना के पहले चरण में कुल 20 युवाओं का चयन किया जाएगा। दो महीने की अवधि सफलतापूर्वक पूरी करने पर विभाग द्वारा सभी प्रतिभागियों को अनुभव प्रमाण-पत्र भी प्रदान किया जाएगा।
योजना को पारदर्शी और सुचारू बनाने के लिए हर इंटर्न युवा के मार्गदर्शन हेतु एक नोडल अधिकारी तैनात किया जाएगा। इंटर्न युवाओं के कार्यों की नियमित निगरानी के लिए प्रतिदिन सुबह और शाम वर्चुअल बैठक के जरिए उनके दैनिक काम की समीक्षा की जाएगी।
इंटर्नशिप के लिए पात्रता तय करते हुए स्पष्ट किया गया है कि आवेदक का उत्तराखंड का मूल निवासी होना अनिवार्य है। किसी भी मान्यता प्राप्त कॉलेज या विश्वविद्यालय में अध्ययनरत अथवा स्नातक युवा, जिनकी डिजिटल पहलों और सोशल मीडिया में रुचि है, वे इसके लिए पात्र होंगे।
चयन प्रक्रिया के तहत ‘डिजिटल यूथ फेस्टिवल’ में पंजीकृत युवाओं से ही ऑनलाइन आवेदन मांगे जाएंगे। प्राप्त आवेदनों की स्क्रूटनी और स्क्रीनिंग के आधार पर पहले चरण के लिए 20 युवाओं की अंतिम सूची तैयार की जाएगी।
चयनित युवाओं को मुख्य रूप से युवा कल्याण विभाग की विभिन्न गतिविधियों और अभियानों से जोड़ा जाएगा। ये युवा डिजिटल यूथ फेस्टिवल का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के साथ-साथ आम युवाओं को जोड़ने और उनके ऑनलाइन पंजीकरण कराने में सहयोग देंगे।
इसके अलावा, चयनित इंटर्न ‘फिट उत्तराखंड’ ऐप के संचालन और प्रचार की जिम्मेदारी भी संभालेंगे। युवाओं को सोशल मीडिया के लिए रील्स, पोस्ट, इंफोग्राफिक्स और क्रिएटिव कंटेंट तैयार करने के साथ-साथ डेटा संकलन का महत्वपूर्ण काम सौंपा जाएगा।
डिजिटल प्रबंधन और संचार कौशल में युवाओं को पारंगत बनाने के उद्देश्य से शुरू की गई यह पहल युवाओं को व्यावहारिक ज्ञान देगी। दो महीने के इस कार्यकाल में युवाओं को सीधे प्रशासनिक व्यवस्था का हिस्सा बनकर आधुनिक डिजिटल टूल्स का अनुभव प्राप्त करने का मौका मिलेगा।

