उत्तराखंड: बेरोजगारी और पलायन पर कांग्रेस का ‘काम मांगो अभियान’, जोशीमठ से होगी शुरुआत

ख़बर शेयर करें

देहरादून। उत्तराखंड में बढ़ती बेरोजगारी और पर्वतीय इलाकों से हो रहे निरंतर पलायन के मुद्दे पर प्रदेश कांग्रेस ने सरकार के खिलाफ बड़े आंदोलन का बिगुल फूंक दिया है। कांग्रेस राजीव गांधी पंचायती राज संगठन के बैनर तले पूरे प्रदेश में ब्लॉक स्तर पर ‘काम मांगो अभियान’ चलाने जा रही है। इस राज्यव्यापी अभियान के पहले चरण का औपचारिक आगाज चमोली जिले के ऐतिहासिक जोशीमठ ब्लॉक से किया जाएगा।

देहरादून स्थित कांग्रेस प्रदेश मुख्यालय में संगठन के प्रदेश अध्यक्ष ललित फर्स्वाण की अध्यक्षता में आयोजित महत्वपूर्ण बैठक में इस रणनीति को अंतिम रूप दिया गया। इस बैठक में संगठन के राष्ट्रीय महासचिव व उत्तराखंड प्रभारी दीपक राठौर विशेष रूप से मौजूद रहे। आगामी दो महीनों तक चलने वाले इस कार्यक्रम के जरिए पार्टी हर ब्लॉक में पहुंचकर युवाओं के रोजगार और हक की आवाज बुलंद करेगी।

यह भी पढ़ें -  'भारत दर्शन' यात्रा पर जा रहे 68 मेधावी छात्रों से मिले CM धामी, बोले- जीवन में तय करें बड़ा लक्ष्य

पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए प्रदेश प्रभारी दीपक राठौर ने कहा कि ग्रामीण इलाकों को मजबूत किए बिना उत्तराखंड का समग्र विकास संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार को गांवों से पलायन रोकने के लिए तुरंत एक ठोस और दीर्घकालिक रोजगार नीति बनानी चाहिए, जिससे स्थानीय युवाओं को अपने ही क्षेत्र में अवसर मिल सकें।

दीपक राठौर ने स्पष्ट किया कि ग्रामीण क्षेत्रों में मनरेगा, कुटीर उद्योग, कृषि, बागवानी, पशुपालन, पर्यटन और स्वरोजगार के माध्यम से बड़े पैमाने पर रोजगार पैदा किए जा सकते हैं। उन्होंने मांग की कि सरकारी विभागों के खाली पदों पर तुरंत पारदर्शी भर्ती शुरू की जाए और स्थानीय युवाओं को नौकरियों में प्राथमिकता दी जाए।

यह भी पढ़ें -  Uttarakhand Election 2027: BJP खेलेगी बड़ा राजनीतिक दांव, 15 सीटों पर दलित प्रत्याशियों को उतारने का प्लान

संगठन के प्रदेश अध्यक्ष ललित फर्स्वाण ने प्रदेश सरकार के रोजगार और स्वरोजगार के दावों को पूरी तरह से हवा-हवाई करार दिया। उन्होंने कहा कि धरातल पर योग्य युवाओं को उनकी क्षमता के अनुसार काम नहीं मिल रहा है, जिससे पर्वतीय क्षेत्रों से पलायन लगातार बढ़ रहा है।

ललित फर्स्वाण ने अभियान का मकसद साफ करते हुए कहा कि ‘काम मांगो अभियान’ सरकार से कोई भीख मांगना नहीं है, बल्कि यह युवाओं के अधिकार का काम और सम्मानजनक रोजगार हासिल करने का आंदोलन है। उन्होंने बताया कि इस अभियान के तहत अगले दो महीनों में राज्य की हर ग्राम पंचायत और ब्लॉक तक कांग्रेस कार्यकर्ता पहुंचेंगे।

यह भी पढ़ें -  10 साल बाद आई ED की याद, हरीश रावत बेदाग नेता-काजी निजामुद्दीन

रणनीति के मुताबिक, पहले चरण में चमोली के अलावा हरिद्वार, देहरादून, ऊधमसिंहनगर और नैनीताल जिलों को शामिल किया गया है। पार्टी कार्यकर्ता इन जिलों के हर ब्लॉक में जाकर बेरोजगार युवाओं और ग्रामीणों से सीधा संवाद करेंगे और उनकी समस्याओं को संकलित कर सरकार पर दबाव बनाएंगे।

देहरादून में आयोजित इस बैठक और प्रेसवार्ता में कांग्रेस के कई वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे। इनमें प्रदेश महामंत्री संगठन राजेंद्र सिंह भंडारी, गढ़वाल मंडल प्रभारी गंभीर सिंह जयाड़ा, देहरादून प्रभारी धीरज देसाई, हीरा पाल सिंह, हरिद्वार प्रभारी विमल भारती, रुड़की प्रभारी गौरव शर्मा, नैनीताल प्रभारी सौरभ और हल्द्वानी महानगर अध्यक्ष विजय सहित अनेक नेता शामिल थे।