देहरादून। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से सचिवालय में प्रदेश के विभिन्न जिला सहकारी बैंकों के नवनिर्वाचित अध्यक्षों ने औपचारिक मुलाकात की। हाल ही में निर्विरोध चुने गए सभी 5 जिला सहकारी बैंक अध्यक्षों को मुख्यमंत्री ने शुभकामनाएं देते हुए उनके सफल कार्यकाल की कामना की। इस दौरान सीएम ने स्पष्ट किया कि सहकारिता राज्य की ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में मुख्य भूमिका निभा रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जिला सहकारी बैंक किसानों, ग्रामीणों, महिलाओं और युवाओं को सीधी बैंकिंग सुविधाओं से जोड़ने का सबसे बड़ा माध्यम हैं। ये बैंक प्रदेश में स्वरोजगार और स्थानीय आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं। उन्होंने नए पदाधिकारियों से पूर्ण पारदर्शिता और जनहित को प्राथमिकता देते हुए सहकारिता को और अधिक सशक्त बनाने का आह्वान किया।
सीएम धामी से भेंट करने वाले नवनिर्वाचित अध्यक्षों में देहरादून से मंजीत रावत, चमोली से गजेंद्र सिंह रावत, गढ़वाल से पंकज रावत, टिहरी गढ़वाल से सुभाष चंद रमोला और हरिद्वार से बिजेंद्र सिंह चौधरी शामिल थे। यह सभी हाल ही में संपन्न हुए चुनावों में निर्विरोध निर्वाचित घोषित हुए हैं।
सचिवालय में आयोजित इस बैठक के दौरान कैबिनेट मंत्री खजान दास और कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा भी मौजूद रहे। दोनों मंत्रियों ने भी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई दी और उनके उज्ज्वल कार्यकाल की उम्मीद जताई।

