उत्तराखंड के सभी 13 जिलों में चलेंगी सिटी बसें, परिवहन मंत्री ने दिए सख्त निर्देश

ख़बर शेयर करें

देहरादून। उत्तराखंड के सभी 13 जिलों में सार्वजनिक परिवहन को मजबूत करने के लिए Uttarakhand City Bus Action Plan को मंजूरी दे दी गई है। देहरादून में आयोजित एक उच्चस्तरीय बैठक में परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा ने इसकी घोषणा की।

इसके साथ ही, आगामी कांवड़ यात्रा को देखते हुए अधिकारियों को हरिद्वार रूट और दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे लिंक की सड़कों को तुरंत गड्ढामुक्त करने का कड़ा अल्टीमेटम दिया गया है। सरकार के इस बड़े फैसले का सीधा असर उत्तराखंड के शहरी और पर्वतीय क्षेत्रों के आम यातायात पर पड़ेगा, जिससे सफर बेहद सुगम होने की उम्मीद है।

140 नई इलेक्ट्रिक बसें और 50 मिनी बसें जल्द दौड़ेंगी

परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा ने राज्य में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था में बड़े सुधारों का खाका पेश किया है। जिसके अनुसार, केंद्र सरकार के सहयोग से उत्तराखंड को जल्द ही लगभग 140 नई इलेक्ट्रिक बसें मिलने जा रही हैं, जिसके लिए चार्जिंग स्टेशन बढ़ाए जा रहे हैं। जबकि राज्य के छोटे और तंग पर्वतीय मार्गों के लिए विशेष रूप से 50 नई मिनी बसों का संचालन शुरू किया जाएगा।

यह भी पढ़ें -  ऋषिकेश में रिश्तों का कत्ल! शराब के नशे में धुत बेटे ने मां को मारी गोली, पुलिस ने किया गिरफ्तार

इसके अतिरिक्त रामनगर और टनकपुर में निर्माणाधीन आधुनिक बस स्टेशनों का काम 70 प्रतिशत पूरा हो चुका है, जिसे जल्द पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। उत्तराखंड रोडवेज के टिकट सिस्टम को सरल करते हुए अब कॉमन सर्विस सेंटर से भी टिकट बुक करने की सुविधा दी जा रही है। बैठक में यह भी बताया गया कि इस साल चारधाम यात्रा सीजन से परिवहन निगम को करीब 8 करोड़ रुपये की शानदार आय हुई है। सरकार का मुख्य लक्ष्य रोडवेज को घाटे से उबारना है।

यह भी पढ़ें -  उत्तराखंड में अमानक मदरसों पर कड़ा फैसला: लाइब्रेरी और साइंस लैब होना जरूरी, नहीं तो लगेगा ताला

कांवड़ यात्रा से पहले हर की पैड़ी और एक्सप्रेसवे रूट चमकाने का आदेश

परिवहन एवं कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा ने लोक निर्माण विभाग और NHAI के अधिकारियों के साथ एक अन्य महत्वपूर्ण बैठक कर कांवड़ यात्रा की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने साफ किया कि मानसून और कांवड़ मेले के दौरान श्रद्धालुओं को कोई परेशानी नहीं होनी चाहिए।

मंत्री ने निर्देश दिए कि हरिद्वार में हर की पैड़ी स्थित पंतदीप पार्किंग को जोड़ने वाले सड़क मार्ग पर नाली निर्माण का काम युद्धस्तर पर पूरा किया जाए। इसके साथ ही, दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे को हरिद्वार से जोड़ने वाले मार्ग और सहारनपुर-रूड़की-हरिद्वार एक्सप्रेसवे पर चल रहे कार्यों को समय से पहले पूरा करने की हिदायत दी गई है, ताकि आगामी कांवड़ यात्रा पूरी तरह सुरक्षित, सुगम और सफल हो सके।

यह भी पढ़ें -  मदरसों के पाठ्यक्रम में ऐतिहासिक बदलाव: डिजिटल नैतिकता, संविधान और जकात का हिसाब पढ़ेंगे बच्चे

इस उच्चस्तरीय बैठक में सदस्य परिवहन निगम प्राधिकरण संजय अरोड़ा, परिवहन निगम की एमडी रीना जोशी, उप परिवहन आयुक्त सुनील शर्मा और जीएम अनिल सिंह गब्याल सहित वन विभाग, लोनिवि और एनएचएआई के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad