देहरादून। उत्तराखंड से नवंबर में खाली हो रही राज्यसभा की इकलौती सीट के लिए भारतीय जनता पार्टी ने प्रत्याशी चयन की प्रक्रिया शुरू कर दी है। आज शुक्रवार को भाजपा प्रदेश मुख्यालय में प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट की अध्यक्षता में भाजपा प्रदेश कोर कमेटी की महत्वपूर्ण बैठक बुलाई गई है। इस बैठक में राज्यसभा उम्मीदवार के लिए करीब एक दर्जन नामों पर मंथन के बाद शॉर्टलिस्टेड दावेदारों का पैनल तैयार कर केंद्रीय पार्लियामेंट्री बोर्ड को भेजा जाएगा।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के अनुसार बैठक में सामने आने वाले सभी नामों पर विचार-विमर्श के बाद अंतिम निर्णय के लिए पैनल हाईकमान को सौंपा जाएगा। उन्होंने साफ किया कि प्रत्याशी का अंतिम चयन केंद्रीय पार्लियामेंट्री बोर्ड द्वारा ही किया जाएगा। वहीं, इस बैठक में नए प्रदेश प्रभारी राम माधव और सह-प्रभारियों के शामिल होने की उम्मीद थी, लेकिन विदेश दौरे से लौटने के समय के कारण उनका उत्तराखंड दौरा फिलहाल टल गया है।
राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि 2027 के उत्तराखंड विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए भाजपा इस बार भी राज्यसभा चुनाव में किसी नए या चौंकाने वाले चेहरे पर दांव खेल सकती है। पार्टी इससे पहले भी कल्पना सैनी और खुद प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट को राज्यसभा भेजकर सबको चौंका चुकी है। हालांकि, पार्टी के एक बड़े धड़े का मानना है कि केंद्रीय संगठन में कार्यरत पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत को भी मौका दिया जा सकता है।
इसके अलावा पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक और मौजूदा राज्यसभा सांसद नरेश बंसल के नामों पर भी गंभीरता से चर्चा हो रही है। अन्य संभावित दावेदारों में अनिल गोयल, मदन कौशिक, ज्योति प्रसाद गैरोला, बलराज पासी और केदार जोशी जैसे वरिष्ठ नेताओं के नाम भी रेस में शामिल हैं। वहीं पूर्व स्वास्थ्य मंत्री बलवंत सिंह भौर्याल ने बकायदा लिखित आवेदन देकर राज्यसभा सीट के लिए अपनी दावेदारी पेश की है।
दूसरी ओर, प्रदेश प्रभारी और सह-प्रभारियों की घोषणा के बाद अब संगठन महामंत्री का खाली पद भी भर दिया गया है। पार्टी के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान ने बताया कि संगठन महामंत्री की नियुक्ति से आगामी चुनावी तैयारियों और भाजपा के दैनिक सांगठनिक क्रियाकलापों में तेजी आएगी।

