देहरादून। उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों को तेज करते हुए जिला प्रशासन ने 38 नोडल अधिकारियों को अलग-अलग महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने इस संबंध में आधिकारिक आदेश जारी कर दिए हैं। निर्वाचन की विभिन्न व्यवस्थाओं के सुचारू संचालन के लिए इन नोडल और सहायक नोडल अधिकारियों की नियुक्ति की गई है, जिन्हें आयोग के दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन करना होगा।
मैनपावर मैनेजमेंट की अहम जिम्मेदारी अपर जिलाधिकारी के.के. मिश्रा को सौंपी गई है, जिनके साथ जिला ग्राम विकास अधिकरण के परियोजना निदेशक विक्रम सिंह, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी अंकुश पांडे और मुख्य शिक्षा अधिकारी गोविंद राम जायसवाल सहायक नोडल अधिकारी होंगे। इसके अलावा, मतदान और मतगणना कर्मियों का डेटाबेस तैयार करने, रेंडमाइजेशन के बाद ड्यूटी आदेश तथा पहचान पत्र जारी करने की पूरी प्रक्रिया इनकी देखरेख में पूरी की जाएगी।
ट्रांसपोर्ट मैनेजमेंट के लिए संभागीय परिवहन अधिकारी अनिता चमोला को नोडल अधिकारी बनाया गया है, जो परिवहन व्यवस्था का पूरा जिम्मा संभालेंगी। सुरक्षा और कानून व्यवस्था के मोर्चे पर साइबर सिक्योरिटी और आईटी की जिम्मेदारी एसपी क्राइम जितेंद्र चौधरी को सौंपी गई है। एडीएम स्मिता परमार को कानून व्यवस्था एवं सिक्योरिटी प्लान का नोडल अधिकारी बनाया गया है, जबकि मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह स्वीप कार्यक्रम के नोडल अधिकारी होंगे।
इन नियुक्तियों के साथ ही ट्रेनिंग मैनेजमेंट के अंतर्गत मतदान कर्मियों, माइक्रो ऑब्जर्वर, सेक्टर और जोनल अधिकारियों को विशेष प्रशिक्षण दिए जाने की रूपरेखा तैयार कर ली गई है। इन सभी अधिकारियों को अपनी तैयारियों की प्रगति रिपोर्ट समय-समय पर उप जिला निर्वाचन अधिकारी को सौंपने के निर्देश दिए गए हैं।

