खटीमा। उधम सिंह नगर स्थित खटीमा में आयोजित तीन दिवसीय ‘उत्तराखण्ड आदि रंगोत्सव’ का भव्य आगाज मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस दौरान देश भर से आए जनजातीय कलाकारों ने अपनी पारंपरिक वेशभूषा, लोकनृत्य और लोकसंगीत के जरिए समृद्ध जनजातीय विरासत की मनमोहक छटा बिखेरी।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री धामी ने केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू और केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्री जुएल ओराम का पौधा व महाराणा प्रताप की प्रतिमा भेंटकर स्वागत किया। इसके अलावा फिल्म ‘हनुमान अंश’ के कलाकारों को भी गदा और नीब करौरी बाबा की तस्वीर भेंट कर सम्मानित किया गया।

महोत्सव का सबसे आकर्षक पल वह रहा जब मुख्यमंत्री खुद पारंपरिक रंग में रंगे नजर आए। उन्होंने जनजातीय कलाकारों के साथ कदम थिरकाए और खुद ढोल बजाकर उनका उत्साहवर्धन किया। सीएम के इस सहज और ऊर्जावान अंदाज ने वहां मौजूद हर शख्स का दिल जीत लिया।
इस मौके पर सीएम धामी ने कहा कि यह रंगोत्सव केवल एक सांस्कृतिक आयोजन नहीं, बल्कि हमारी प्राचीन परंपराओं और जनजातीय समाज के गौरव का उत्सव है। ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ने का एक मजबूत माध्यम हैं।
मुख्यमंत्री ने खटीमा स्थित एकलव्य आवासीय विद्यालय के आधुनिकीकरण और विस्तार के लिए ₹10 करोड़ देने की घोषणा पर केंद्रीय मंत्री जुएल ओराम का आभार जताया। साथ ही, पिथौरागढ़ क्षेत्र में एक और नया आवासीय एकलव्य विद्यालय खोलने का आग्रह किया।

खटीमा की विविधता का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने इसे ‘मिनी इंडिया’ करार दिया। उन्होंने कहा कि यहां विभिन्न समुदायों की संस्कृति और परंपराएं पूरी समरसता के साथ एक जगह दिखाई देती हैं।
राज्य सरकार की प्राथमिकताओं को गिनाते हुए उन्होंने कहा कि सरकार जनजातीय समाज को शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और आधारभूत सुविधाओं से लैस कर आत्मनिर्भर बना रही है। सांस्कृतिक पहचान को सुरक्षित रखते हुए उन्हें विकास की मुख्यधारा से जोड़ा जा रहा है।
कल्याणकारी योजनाओं पर बात करते हुए सीएम ने बताया कि अटल आवास योजना की आय सीमा को व्यावहारिक बनाया गया है। ऊधम सिंह नगर जिले में इस योजना के तहत ₹3 करोड़ से अधिक की आर्थिक सहायता दी जा चुकी है।

प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत भी जनजातीय परिवारों को बड़ा लाभ मिल रहा है। इस वर्ष मिले कुल आवेदनों में से लगभग 28 प्रतिशत आवेदन जनजातीय परिवारों के हैं। वहीं, पीएम जनमन योजना के तहत पहले चरण में 824 और दूसरे चरण में 101 आवास तैयार हो चुके हैं।
शिक्षा के क्षेत्र में बाजपुर में ₹16 करोड़ से अधिक की लागत से 100 बेड के बालक छात्रावास का निर्माण चल रहा है। इसके साथ ही बालिका छात्रावास के लिए ₹4 करोड़ स्वीकृत किए गए हैं और थारू राजकीय इंटर कॉलेज का सौंदर्यीकरण भी किया जा रहा है।

खटीमा के युवाओं की उपलब्धि पर गर्व जताते हुए मुख्यमंत्री ने बीएसएफ जवान मोहन सिंह राणा और चारूबेटा की टीला सेन को माउंट एवरेस्ट फतह करने पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि इनकी सफलता ने पूरे उत्तराखण्ड का मान बढ़ाया है।
आजीविका मिशन के जरिए जनजातीय उत्पादों को बाजार से जोड़ने और युवाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के प्रयास लगातार जारी हैं। इसके अलावा मुख्यमंत्री सीमांत क्षेत्र विकास कार्यक्रम के तहत 2020 से 2025 के बीच ₹10 करोड़ से अधिक की योजनाएं धरातल पर उतारी गई हैं।

