देहरादून। कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने यूपीआई लेनदेन पर शुल्क लगाए जाने का तीखा विरोध किया है। गोदियाल ने केंद्र सरकार पर सीधा हमला बोलते हुए कहा कि सरकार ने डिजिटल भुगतान पर चार्ज लगाकर आम जनता को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन का ‘तोहफा’ दिया है।
कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि यूपीआई पर अतिरिक्त शुल्क का सीधा असर आम उपभोक्ताओं और छोटे व्यापारियों पर पड़ेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि इस फैसले से साफ हो गया है कि केंद्र सरकार को आम जनता की समस्याओं और उनकी आर्थिक स्थिति से कोई लेना-देना नहीं है।
प्रेस वार्ता के दौरान गोदियाल ने आम बजट की प्रक्रिया पर भी सवाल उठाए। उन्होंने पूछा कि अगर सरकार को यूपीआई पर चार्ज या टैक्स लागू ही करना था, तो बजट पेश करते समय संसद में इसका जिक्र क्यों नहीं किया गया? उन्होंने इसे पिछले दरवाजे से जनता पर वित्तीय बोझ डालना करार दिया।
गोदियाल ने कहा कि लगातार बढ़ती महंगाई के बीच हर नई कटौती से रोजमर्रा की चीजें आम आदमी की पहुंच से बाहर होती जा रही हैं। उन्होंने सरकार से मांग की कि ‘मर्चेंट डिस्काउंट रेट’ और यूपीआई पर लगने वाले अन्य सभी अप्रत्यक्ष शुल्कों पर तुरंत रोक लगाई जाए।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने चेतावनी दी है कि यदि सरकार ने यूपीआई पर लगाए गए अतिरिक्त शुल्क को वापस नहीं लिया, तो कांग्रेस आम जनता के अधिकारों के लिए सड़कों पर उतरकर व्यापक विरोध प्रदर्शन करेगी। उन्होंने कहा कि डिजिटल इंडिया का दावा करने वाली सरकार को डिजिटल भुगतान करने वालों को हतोत्साहित करने के बजाय राहत देनी चाहिए।

