‘जैसे बढ़ रहा रावण, वैसे ही बढ़ रहा भ्रष्टाचार…’ पूर्व सीएम त्रिवेंद्र रावत के बयान से गरमाई सियासत

ख़बर शेयर करें

देहरादून। देहरादून के परेड ग्राउंड में इस बार दशहरे पर 181 फीट ऊंचे रावण का दहन किया जाएगा, लेकिन इस बीच रावण की ऊंचाई को लेकर उत्तराखंड की राजनीति में अचानक गरमाहट आ गई है। पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने रावण की बढ़ती ऊंचाई की तुलना सीधे तौर पर प्रदेश में बढ़ते भ्रष्टाचार से कर दी है, जिससे राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं तेज हो गई हैं।

पूर्व सीएम ने बयान देते हुए कहा कि जिस तरह रावण का कद लगातार बढ़ रहा है, ठीक उसी तरह प्रदेश के भीतर भ्रष्टाचार भी तेजी से पांव पसार रहा है। अपने ही दल के वरिष्ठ नेता के इस तीखे बयान के बाद प्रदेश में भ्रष्टाचार के मुद्दे पर एक बार फिर सियासी घमासान शुरू हो गया है।

यह भी पढ़ें -  उत्तराखंड चुनाव 2027: दून में 12 लाख वोटर करेंगे मतदान, 2045 पोलिंग बूथों पर नोडल अफसर तैनात,

पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत के इस बयान ने विपक्षी दल कांग्रेस को सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी पर हमला बोलने का बड़ा मौका दे दिया है। कांग्रेस की चुनाव कैंपेन समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने तंज कसते हुए कहा कि राज्य में रावण के कद के साथ-साथ भ्रष्टाचार और सामाजिक बुराइयां भी बढ़ती जा रही हैं।

यह भी पढ़ें -  उत्तराखंड राजनीति: पौड़ी से भाजपा के पूर्व विधायक यशपाल बेनाम ने दिया इस्तीफा

प्रीतम सिंह ने कहा कि बीजेपी अब तक कांग्रेस पर भ्रष्टाचार के झूठे आरोप लगाती रही है, लेकिन आज खुद उनके पूर्व मुख्यमंत्री प्रदेश में भ्रष्टाचार बढ़ने की बात स्वीकार कर रहे हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री की भ्रष्टाचार विरोधी मुहिम पर सवाल उठाते हुए कहा कि सरकार के दावों और धरातल की सच्चाई में जमीन-आसमान का अंतर है।

दूसरी ओर, इस पूरे विवाद पर भारतीय जनता पार्टी ने स्थिति को संभालने का प्रयास किया है। भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता नवीन ठाकुर ने कहा कि त्रिवेंद्र सिंह रावत पार्टी के वरिष्ठ नेता हैं और वह निश्चित तौर पर समाज में बढ़ती कुरीतियों को लेकर चिंतित हैं।

यह भी पढ़ें -  देहरादून: किमाड़ी के जंगल में मिला 3 महीनों से लापता मोहम्मद सारिक का नरकंकाल, 2 करोड़ के लेनदेन पर उलझी पुलिस

भाजपा प्रवक्ता ने स्पष्ट किया कि उन्होंने समाज में फैलती बुराइयों पर तंज कसा था, जिसे सकारात्मक रूप में लिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि दशहरे जैसे पावन पर्व पर हम सभी को समाज से हर तरह की बुराई का अंत करने का संकल्प लेना चाहिए।