मसूरी नगर पालिका समेत VIP प्रतिष्ठानों को बम से उड़ाने की धमकी, चप्पे-चप्पे पर बढ़ाई गई सुरक्षा

ख़बर शेयर करें

उत्तराखंड के प्रमुख पर्यटन स्थल मसूरी से एक बेहद चौंकाने वाली और सनसनीखेज खबर सामने आई है, जहाँ नगर पालिका परिषद और स्थानीय प्रशासन को एक धमकी भरे ई-मेल के मिलने से पूरे प्रशासनिक और पुलिस अमले में हड़कंप मच गया है।

आधिकारिक सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, यह धमकी भरा ई-मेल नगर पालिका परिषद और उपजिलाधिकारी मसूरी के ऑफिशियल ई-मेल एड्रेस पर प्राप्त हुआ है, जिसमें दोपहर 3:11 बजे मसूरी नगर पालिका कार्यालय में जोरदार धमाका करने की बात कही गई थी।

इस मेल की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि इसमें न केवल मसूरी नगर पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी के कार्यालय को निशाना बनाने का जिक्र है, बल्कि देश के केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मुख्यमंत्री आवास सहित देहरादून और देश की राजधानी दिल्ली के कई महत्वपूर्ण सरकारी प्रतिष्ठानों को भी बम से उड़ाने की खुली धमकी दी गई है। इसके अलावा, ई-मेल भेजने वाले ने विभिन्न प्रमुख धार्मिक स्थलों, रेलवे स्टेशनों और अन्य व्यस्त सार्वजनिक स्थानों पर भी सिलसिलेवार हमलों की बात कही है।

यह भी पढ़ें -  उत्तराखंड में नक्शा पास कराने के नियम बदले, आवासीय क्षेत्रों में कमर्शियल निर्माण पर पूरी तरह लगा बैन

इस बेहद संवेदनशील सूचना के मिलते ही पूरी सुरक्षा एजेंसियां, पुलिस और प्रशासनिक अमला तुरंत अलर्ट मोड में आ गया है। मामले की पुष्टि करते हुए नगर पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी ने बताया कि उन्हें भी इस प्रकार का धमकी भरा संदेश मिला है, वहीं शहर कोतवाल देवेंद्र सिंह चौहान ने स्पष्ट किया कि एसडीएम कार्यालय से इनपुट मिलते ही सभी प्रतिष्ठित संस्थानों की सुरक्षा व्यवस्था को कड़ा कर दिया गया है।

यह भी पढ़ें -  प्रोटोकॉल भूल सड़क पर उतरे CM धामी, बच्चों को देख अचानक रुकवाया काफिला, ली सेल्फी

फिलहाल, पुलिस और साइबर विशेषज्ञों की एक विशेष टीम इस ई-मेल की प्रामाणिकता और सत्यता की गहराई से जांच कर रही है और तकनीकी माध्यमों व साइबर एक्सपर्ट्स की मदद से इसे भेजने वाले मुख्य आरोपी की पहचान करने की कोशिशें तेज कर दी गई हैं। सभी संवेदनशील और सार्वजनिक स्थानों पर अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात कर दिया गया है।

यह भी पढ़ें -  कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने की समीक्षा बैठक, 25 सितंबर से 7 अक्टूबर तक चलेंगे 3-दिवसीय 'सेवा सेतु' शिविर

इसके साथ ही, स्थानीय प्रशासन ने आम जनता से किसी भी प्रकार की अफवाहों पर बिल्कुल भी ध्यान न देने की अपील की है और साथ ही सतर्कता बरतते हुए अपने आसपास किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या लावारिस वस्तु की दिखने पर उसकी सूचना तत्काल नजदीकी पुलिस स्टेशन को देने को कहा है।