उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिला स्थित नगरासू के गुरुद्वारे में लगातार तीसरे दिन भी निहंगों द्वारा जमकर बवाल और छत से पथराव करने के कारण इलाके में स्थिति बेहद तनावपूर्ण बनी हुई है। सोमवार सुबह करीब साढ़े 11 बजे जब दो निहंग अपने हथियारों के साथ गुरुद्वारे की छत से नीचे परिसर में आए, तो उनमें से एक खाना ले जाने का प्रयास करने लगा जबकि दूसरा सुरक्षा में तलवार चलाने लगा, जिस पर पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए खाना ले जा रहे एक निहंग को दबोच लिया, जबकि दूसरा भागने में सफल रहा।
इस कार्रवाई के विरोध में छत पर मौजूद अन्य निहंगों ने पुलिस पर ईंट-पत्थर बरसाने शुरू कर दिए और पुलिस को चेतावनी दी कि यदि कोई छत पर चढ़ा तो इसके गंभीर परिणाम होंगे। हालांकि, इस पथराव में किसी को चोट नहीं आई है, लेकिन सुरक्षा के मद्देनजर पूरे गुरुद्वारे परिसर में पुलिस और ITBP के जवान तैनात कर दिए गए हैं।
इस पूरे मामले पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और बिना किसी भेदभाव के सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उधर शासन स्तर पर गृह सचिव शैलेश बगौली ने पुलिस मुख्यालय से पूरे घटनाक्रम की व्यापक रिपोर्ट तलब की है, जबकि कर्णप्रयाग में बीते दिनों हुए विवाद के बाद दर्ज क्रॉस मुकदमे की जांच को चमोली से हरिद्वार ट्रांसफर कर हरिद्वार के एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर के पर्यवेक्षण में सौंप दिया गया है।

