टिहरी। उत्तराखंड के टिहरी जिले में प्रतापनगर क्षेत्र के चर्चित केतन लाल हत्याकांड से जुड़े मामले में लंबगांव पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस टीम ने नाबालिग से दुष्कर्म के मुख्य आरोपी दिवाकर डिमरी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है।
पुलिस द्वारा यह कदम पीड़िता की मां और स्थानीय ग्रामीणों के भारी जन दबाव के बाद उठाया गया है। परिजनों ने आरोपी की तुरंत गिरफ्तारी न होने पर बुधवार से जिला मुख्यालय में अनिश्चितकालीन धरना और अनशन शुरू करने की लिखित चेतावनी दी थी।
मामले के अनुसार, अदालत के आदेश पर बीते 11 जुलाई को लंबगांव थाने में पोक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। इस मामले में पीड़िता के धारा-164 के तहत अदालती बयान भी दर्ज हो चुके थे, लेकिन मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी टल रही थी।
पीड़िता की मां और ग्रामीणों का आरोप था कि पोक्सो जैसे गंभीर मामले में पर्याप्त साक्ष्यों के बावजूद पुलिस जांच का हवाला देकर कार्रवाई टाल रही थी। आरोपी की खुलेआम आवाजाही के कारण पीड़ित नाबालिग बच्ची लगातार मानसिक तनाव में जी रही थी।
पुलिस की शिथिल कार्यशैली से उग्र परिजनों और क्षेत्रीय लोगों ने जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल को ज्ञापन सौंपा था। ज्ञापन में 24 घंटे के भीतर आरोपी की गिरफ्तारी, विवेचना अधिकारी को हटाने और निष्पक्ष जांच कराने की मांग करते हुए अनशन का अल्टीमेटम दिया गया था।
आंदोलन की चेतावनी और बढ़ते जन आक्रोश को देखते हुए हरकत में आई पुलिस टीम ने ग्राम देवल निवासी आरोपी दिवाकर डिमरी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद क्षेत्र में बना तनाव फिलहाल शांत हो गया है।
मामले की पुष्टि करते हुए एसएसपी श्वेता चौबे ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि निष्पक्षता बनाए रखने के लिए मामले की गहन जांच अभी भी जारी है।

