देहरादून। साइंस सिटी देहरादून परियोजना के निर्माण कार्य को तेजी से पूरा करने की दिशा में केंद्र सरकार ने एक बड़ा कदम उठाया है। केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को पत्र भेजकर जानकारी दी है कि इस प्रोजेक्ट की ₹39 करोड़ की कुल गैप फंडिंग में से केंद्र सरकार ₹14 करोड़ की अतिरिक्त धनराशि वहन करेगी।
वित्तीय मॉडल के तहत कुल ₹39 करोड़ की गैप फंडिंग में केंद्रीय संस्कृति मंत्रालय का हिस्सा लगभग ₹14 करोड़ होगा, जबकि शेष ₹25 करोड़ की राशि उत्तराखंड सरकार और यूकॉस्ट द्वारा वहन की जाएगी। इस फैसले के बाद प्रोजेक्ट में आ रही वित्तीय अड़चनें पूरी तरह दूर हो गई हैं।
केंद्रीय मंत्री ने पत्र में बताया कि हाल ही में हुई उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक के आधार पर यह निर्णय लिया गया है। समीक्षा के दौरान परियोजना में नए और अनिवार्य घटकों को शामिल करने की जरूरत महसूस की गई थी, जिसके लिए केंद्र ने 60:40 के निर्धारित अनुपात के तहत ₹14 करोड़ की अतिरिक्त राशि देने की मंजूरी दी है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस फैसले पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत का आभार जताया है। उन्होंने कहा कि यह फैसला राज्य में वैज्ञानिक दृष्टिकोण और अनुसंधान को बढ़ावा देने की दिशा में एक मील का पत्थर साबित होगा।
मुख्यमंत्री धामी के अनुसार, साइंस सिटी देहरादून प्रदेश के विद्यार्थियों, युवाओं और विज्ञान प्रेमियों के लिए आधुनिक वैज्ञानिक ज्ञान और नवाचार का एक प्रमुख केंद्र बनेगी। इससे स्थानीय छात्रों को प्रयोगात्मक और व्यावहारिक शिक्षा पाने का सीधा अवसर मिलेगा।

